MP ASHA Worker Vacancy 2026: सीधी में आशा कार्यकर्ता भर्ती शुरू, 16 नवंबर से आवेदन; जानें योग्यता और चयन प्रक्रिया

Nov 10, 2026 - 19:24
 0  87
MP ASHA Worker Vacancy 2026: सीधी में आशा कार्यकर्ता भर्ती शुरू, 16 नवंबर से आवेदन; जानें योग्यता और चयन प्रक्रिया
Sidhi ASHA Vacancy 2026: आशा कार्यकर्ता के पदों पर भर्ती(Photo Source: Chat GPT)

MP ASHA Worker Vacancy 2026: सीधी में आशा कार्यकर्ता भर्ती शुरू, 16 नवंबर से आवेदन, जानें योग्यता और चयन प्रक्रिया 

MP ASHA Worker Vacancy 2026: सीधी जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से ग्रामीण आशा कार्यकर्ताओं के रिक्त पदों पर चयन प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार पात्र एवं इच्छुक महिलाएं 16 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक मध्यप्रदेश ई-सेवा पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगी। आवेदन के लिए पोर्टल https://eseva.mp.gov.in निर्धारित किया गया है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार खरे ने बताया कि आशा कार्यकर्ता ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग और समुदाय के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करती हैं। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, पोषण, स्वास्थ्य जागरूकता तथा विभिन्न बीमारियों की रोकथाम में उनकी अहम भूमिका है। इसी उद्देश्य से रिक्त पदों पर निर्धारित मापदंडों के अनुसार चयन किया जाएगा।

ASHA Worker Eligibility Criteria

आशा कार्यकर्ता पद के लिए आवेदिका का विवाहित महिला होना अनिवार्य है। एक नवंबर 2026 की स्थिति में आयु 21 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आवेदिका का मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल से मान्यता प्राप्त बोर्ड से दसवीं उत्तीर्ण होना आवश्यक है। इसके साथ ही वह संबंधित गांव की मूल निवासी होनी चाहिए। इसके प्रमाण के लिए एक नवंबर 2026 के पूर्व जारी मूल निवास प्रमाण पत्र ही मान्य होगा।

चयन में इन वर्गों को मिलेगी प्राथमिकता

ASHA Worker Online Apply 2026: चयन के दौरान विधवा एवं तलाकशुदा महिलाओं को प्रथम वरीयता दी जाएगी। इसके बाद सबसे कम आयु वाली महिला को द्वितीय तथा दसवीं एवं निर्धारित शैक्षणिक योग्यता में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली महिला को तृतीय वरीयता प्रदान की जाएगी। जिन गांवों में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति की आबादी 50 प्रतिशत से अधिक है, वहां संबंधित समुदाय की महिला को प्राथमिकता दी जाएगी।

पूर्व में चयनित होकर निष्कासित की गई आशा कार्यकर्ता, सेवा से पृथक की गई अथवा स्वेच्छा से सेवा छोड़ने वाली महिलाएं चयन के लिए पात्र नहीं होंगी। इसके अतिरिक्त जिन आवेदिकाओं के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण न्यायालय में लंबित हैं, वे भी आवेदन के लिए अपात्र रहेंगी।

ग्राम सभा के प्रस्ताव के बाद होगा अंतिम चयन

Sidhi Recruitment 2026: चयन प्रक्रिया जिला स्तरीय संचालन समिति के माध्यम से निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित की जाएगी। प्राप्त ऑनलाइन आवेदनों में से ग्राम सभा निर्धारित मापदंडों के आधार पर तीन उपयुक्त नामों का प्रस्ताव तैयार कर खण्ड चिकित्सा अधिकारी को भेजेगी। इसके बाद दावा-आपत्तियों का निराकरण किया जाएगा। अंतिम चयन जिला स्वास्थ्य समिति के अनुमोदन के उपरांत मान्य होगा।

यह रहेगा चयन का कार्यक्रम

ASHA Worker Recruitment 2026: ऑनलाइन आवेदन 16 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक प्राप्त किए जाएंगे। 17 से 25 दिसंबर तक आवेदन ग्राम सभा को भेजे जाएंगे। ग्राम सभा से प्रस्ताव 26 दिसंबर 2026 से 18 जनवरी 2027 तक प्राप्त किए जाएंगे। इसके बाद 19 जनवरी से 5 फरवरी 2027 तक खण्ड स्तर पर दावा-आपत्तियों का निराकरण होगा। जिला स्तर पर अपील 6 से 25 फरवरी 2027 तक प्राप्त की जाएगी। अंततः 26 फरवरी से 5 मार्च 2027 तक जिला स्वास्थ्य समिति से चयन का अनुमोदन प्राप्त किया जाएगा।

MP ASHA Worker Vacancy 2026: सीएमएचओ डॉ. अशोक कुमार खरे ने स्पष्ट किया कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी एवं निर्धारित नियमों के अनुरूप संपन्न कराई जाएगी। रिक्त पदों की निर्धारित संख्या एवं स्थान में किसी भी परिस्थिति में परिवर्तन नहीं किया जाएगा। उन्होंने पात्र महिलाओं से निर्धारित समयावधि में ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है। ऑफलाइन माध्यम से प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। संपूर्ण चयन प्रक्रिया 5 मार्च 2027 तक पूर्ण करना अनिवार्य होगा।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Ravi Shukla रवि शुक्ला एक अनुभवी ग्राउंड रिपोर्टर हैं, दैनिक अखबारों और डिजिटल न्यूज़ मीडिया में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव है.रवि शुक्ला की मुख्य विशेषज्ञता हाइपर लोकल क्राइम, क्षेत्रीय राजनीति, प्रशासनिक,शिक्षा, फैसलों और ग्रामीण विषयों (खेती-किसानी) की ग्राउंड जीरो से तथ्यपरक रिपोर्टिंग करने में अच्छा अनुभव है।