MP : रसगुल्ला समझकर मुंह में रखा सुअरमार बम, चबाते ही हुआ विस्फोट,युवक की मौत
दोस्त ने मिठाई बताकर दिया था विस्फोटक, मुंह में रखते ही हुआ जोरदार धमाका; इलाज के दौरान 35 वर्षीय युवक ने तोड़ा दम, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस।
MP : रसगुल्ला समझकर मुंह में रखा सुअरमार बम, चबाते ही हुआ विस्फोट,युवक की मौत
डिंडौरी। मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक युवक को कथित तौर पर उसके परिचित ने रसगुल्ला बताकर सुअरमार बम खाने के लिए दे दिया। युवक ने मिठाई समझकर उसे मुंह में रख लिया और जैसे ही दांत से दबाया, जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि युवक का जबड़ा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गंभीर हालत में परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई है।
रसगुल्ला बताकर दिया विस्फोटक
पुलिस के अनुसार, घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम पड़रिया छांटा की है। गांव निवासी राजेंद्र बरौतिया (35) मंगलवार शाम करीब सात बजे परिवार के साथ खाना खाने के बाद घर के आंगन में आग ताप रहा था। इसी दौरान रात करीब आठ बजे गांव का ही रामभगत बरौतिया उसके पास पहुंचा। दोनों के बीच बातचीत चल रही थी। आरोप है कि इसी दौरान रामभगत ने राजेंद्र को सुअरमार बम रसगुल्ला बताकर खाने के लिए दे दिया।
मुंह में रखते ही हुआ जोरदार विस्फोट
राजेंद्र ने उसे मिठाई समझकर मुंह में रख लिया। जैसे ही उसने दांत से दबाया, उसमें जोरदार विस्फोट हो गया। अचानक हुए धमाके से राजेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका जबड़ा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक को तत्काल ऑटो से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली थाना प्रभारी दुर्गा प्रसाद नगपुरे के मुताबिक, पुलिस ने आरोपी रामभगत बरौतिया के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 और विस्फोटक अधिनियम की धारा 3 एवं 4 के तहत मामला दर्ज किया है।फिलहाल आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है कि आखिर विस्फोटक युवक को किस परिस्थिति में दिया गया और इस घटना के पीछे आरोपी की मंशा क्या थी।
Source: NBT