समदा गौशाला एवं गौ अभयारण्य में गोवर्धन पूजा, अन्नकूट एवं गौवंश पूजन का हुआ आयोजन
समदा गौशाला एवं गौ अभयारण्य में गोवर्धन पूजा, अन्नकूट एवं गौवंश पूजन का हुआ आयोजन
सीधी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार जिले की समस्त गौशालाओं में गोवर्धन पूजा का आयोजन धार्मिक श्रद्धा एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। इसी क्रम में जनपद पंचायत मझौली अंतर्गत ग्राम पंचायत खजुरिहा के समदा गौशाला परिसर एवं गौ अभयारण्य में गोवर्धन पूजा, अन्नकूट एवं गौवंश पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सांसद डॉ. राजेश मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए तथा धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित राज्य स्तरीय गौ-पूजन एवं पशुपालक सम्मान समारोह का सीधा प्रसारण देखा एवं सुना गया। सांसद एवं विधायक ने गोवर्धन महाराज तथा गौमाता की विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली के लिए प्रभु श्रीकृष्ण से प्रार्थना की।
गौमाता प्राकृतिक खेती का मूल आधार हैं - सांसद डॉ. मिश्रा
मुख्य अतिथि सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने अपने उद्बोधन में कहा कि गोवर्धन पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति में प्रकृति, पशुधन और भूमि के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पर्व है। गौमाता हमारी संस्कृति की आत्मा हैं और प्राकृतिक खेती का मूल आधार भी हैं। गौमूत्र, गोबर एवं जैविक अपशिष्ट से तैयार जैविक खाद और जीवामृत भूमि की उर्वरता बढ़ाने के साथ फसलों को स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। किसानों को पुनः प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए आगे आना चाहिए, जिससे धरती की उर्वरा शक्ति बनी रहे और अन्नदाता आत्मनिर्भर बनें। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण द्वारा सात दिनों तक गोवर्धन पर्वत धारण करना सामूहिक एकता और प्रकृति संरक्षण का प्रतीक है। समदा क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता वृंदावन नगरी जैसी है। यहां पर्याप्त वर्षा होती है, इसलिए अधिक से अधिक पौधरोपण कर पौधों का संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए। अन्नकूट एवं अन्न पूजन हमारी परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। सांसद ने जिले में संचालित सभी गौशालाओं में बिजली, पानी, बाउंड्रीवॉल सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा कराने तथा उन्हें आदर्श एवं आत्मनिर्भर गौशाला के रूप में विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने समदा फार्म को गौशाला एवं कृषि के क्षेत्र में जिले के लिए उदाहरण मॉडल बनाने की बात कही। कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य पालन एवं पशुपालन विभाग को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रेरित करने की बात कही।
गौशालाओं को दुग्ध उत्पादन एवं जैविक खाद से आत्मनिर्भर बनाएं - विधायक
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार गौ-संवर्धन, गौवंश संरक्षण एवं प्राकृतिक कृषि के प्रसार के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। यह पर्व हमें गायों, खेतों और पर्यावरण के संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी का स्मरण कराता है। उन्होंने गौशालाओं को दूध उत्पादन के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने, दुग्ध उत्पादन प्रतियोगिताओं में सहभागिता बढ़ाने तथा वर्मी कम्पोस्ट खाद तैयार कर उसके विक्रय के लिए बाजार उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि गौमूत्र एवं गोबर का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जाए तथा गौशालाओं में पर्याप्त चारागाह विकसित किए जाएं, जिससे गौवंश को सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण मिल सके।
खेती के साथ दुग्ध उत्पादन से आत्मनिर्भर बनें समूह की महिलाएं - कलेक्टर
कलेक्टर विकास मिश्रा ने कहा कि किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से समदा फार्म की स्थापना की गई है। यहां दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के साथ उसकी मार्केटिंग की व्यवस्था विकसित करना भी महत्वपूर्ण है। स्व-सहायता समूह की महिलाएं गुणवत्तापूर्ण उत्पाद तैयार करें और उनके उत्पादन एवं विपणन के कार्यों को सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ाएं। खेती के साथ दुग्ध उत्पादन एवं पशुपालन को अपनाकर आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है। पशुपालन खेती के लिए भी अत्यंत उपयोगी है। समाजसेवी देव कुमार सिंह चौहान एवं जिला पंचायत सदस्य कृष्णलाल पयासी ने भी अपने उद्बोधन में गौ-संरक्षण एवं गौपालन के महत्व पर प्रकाश डाला।
पांच स्व-सहायता समूहों को 20 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत
कार्यक्रम के दौरान स्व-सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से पांच समूहों को चार-चार लाख रुपये के मान से कुल 20 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत किया गया। इनमें बजरंग दल स्व-सहायता समूह नदहा, राम बाई अंबेडकर स्व-सहायता समूह मझिगवां, श्यामवती स्व-सहायता समूह खजुरिहा, पूजा स्व-सहायता समूह झपरी एवं लक्ष्मी स्व-सहायता समूह मझिगवां शामिल हैं।
गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार एवं विभिन्न योजनाओं के हितग्राही हुए लाभान्वित
कार्यक्रम में गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार प्रतियोगिता के वृंदावन ग्राम के विजेता पशुपालकों प्रथम पुरस्कार उमेश कुमार शुक्ला एवं द्वितीय पुरस्कार गणेश प्रसाद शुक्ला को प्रदान किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही सवाई लाल बैगा एवं श्यामवती बैगा को प्रतीकात्मक रूप से आवास की चाबी प्रदान की गई। वहीं सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के हितग्राही बूटी यादव एवं रामचरित्र कुशवाहा को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम का स्वागत भाषण एवं संचालन विकासखंड समन्वयक आजीविका मिशन चंद्रकांत सिंह ने किया तथा आभार प्रदर्शन मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मझौली सुरभि श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष सुनैना सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सौम्या आनंद, उपखंड अधिकारी मझौली आकाश अग्रवाल, उप संचालक पशु चिकित्सा डॉ. वंदना जैन, सरपंच ममता साकेत, विकासखंड जिला अधिकारी शैलेन्द्र सिंह, समाजसेवी देवेन्द्र त्रिपाठी, अमित प्रधान, अरविंद तिवारी, मंडल अध्यक्ष के के मिश्रा,थाना प्रभारी भूपेश वैश, चौकी प्रभारी प्रमोद तिवारी,नायब तहसीलदार उपेंद्र द्विवेदी, कनिष्ठ अभियंता राजेंद्र सिंह राजपूत सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?