पथरौला-गिजवार सड़क मार्ग पर व्यापारियों ने खोल लिया दुकान, सड़क किनारे धान की गहाई से भी बढ़ी परेशानी, हादसे का खतरा

सीधी जिले के मड़वास तहसील अंतर्गत पथरौला-गिजवार गमार्ग पर सड़क पर दुकानदारों का कब्जा, धान की गहाई और बालू-गिट्टी रखने से आवागमन प्रभावित। तहसीलदार वेदवती सिंह ने कहा जल्द हटवाया जाएगा।

Oct 15, 2026 - 23:26
 0  24

पथरौला-गिजवार सड़क मार्ग पर कहीं व्यापारियों ने खोल ली दुकान, कहीं किसान धान की करने लगे गहाई ,बढ़ी परेशानी, हादसे का खतरा

मड़वास तहसील के पथरौला-गिजवार मार्ग का मामला, वाहनों की आवाजाही प्रभावित; तहसीलदार बोलीं करायेंगे जांच

मझौली। सड़क पर सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सड़क का निर्माण हाल ही में डबल लाइन सड़क का निर्माण कराया गया है। सड़क का अधिकांश निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन अब इसी सड़क पर अतिक्रमण और सड़क किनारे धान की गहाई के कारण वाहन चालकों की परेशानी बढ़ने लगी है। स्थिति यह है कि लोहे के खिड़की-दरवाजे बनाने वाले दो व्यापारियों ने सड़क के एक हिस्से पर कब्जा जमा रखा है, वहीं सड़क किनारे रहने वाले किसान धान की गहाई कर रहे हैं। और बालू गिट्टी भी रख लिए जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने के साथ ही सड़क दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।

मामला मड़वास तहसील के पथरौला-गिजवार सड़क मार्ग का है। क्षेत्र में सड़क का निर्माण इसलिए कराया गया था, ताकि लोगों को आवागमन में सुविधा मिल सके और वाहनों का संचालन सुचारु रूप से हो सके। लेकिन सड़क बनने के बाद ही पथरौला के धनिगवां में इसका उपयोग निजी कार्यों के लिए किया जाने लगा है। स्थानीय स्तर पर सामने आई स्थिति के अनुसार, लोहे के खिड़की-दरवाजे बनाने वाले व्यापारियों ने दो स्थानों पर सड़क के लगभग आधे हिस्से तक अपना सामान रख व्यापार करने लगे, वहीं, किसान धान की गहाई के लिए भी सड़क किनारे की जगह का उपयोग किया जा रहा है।

 आधी सड़क पर कब्जा, वाहन चालकों की बढ़ी मुश्किलें

सड़क पर व्यापारिक गतिविधियों और धान की गहाई के कारण वाहनों को निकलने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल पा रही है। इससे आम वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर दो वाहनों के एक साथ गुजरने के दौरान दिक्कत बढ़ सकती है। सड़क पर इस तरह की गतिविधियां जारी रहने से दुर्घटना की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। सवाल यह है कि जिस सड़क का निर्माण लोगों की सुविधा के लिए कराया गया है, यदि उसी पर अतिक्रमण होने लगे तो फिर सुगम आवागमन का उद्देश्य कैसे पूरा होगा? यदि भविष्य में कोई दुर्घटना होती है, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी? इन परिस्थितियों में सड़क को अतिक्रमण मुक्त रखने और आवागमन बाधित करने वाली गतिविधियों पर रोक लगाने की जरूरत है।

 जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की नजर क्यों नहीं पड़ी?

इस मार्ग से जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों का भी आवागमन होता होगा, इसके बावजूद सड़क पर चल रही इन गतिविधियों को लेकर अब तक प्रभावी कार्रवाई सामने नहीं आई है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि क्या जिम्मेदारों की नजर इस समस्या पर नहीं पड़ी या फिर इसे नजरअंदाज किया जा रहा है।

व्यापारी ने नहीं दिया स्पष्ट जवाब

सड़क पर अपनी दुकान चलाने वाले एक व्यापारी से जानकारी लेने का प्रयास किया गया, तो उसने मकान बनवाने की बात कही। हालांकि, व्यापारी ने अपना नाम नहीं बताया और न ही सड़क पर कब्जे के संबंध में कोई स्पष्ट जवाब दिया। इससे स्थिति को लेकर सवाल और गहरे हो गए हैं।

 तहसीलदार ने जांच कराने की बात कही

इस संबंध में मड़वास तहसीलदार वेदवती सिंह ने कहा कि यदि सड़क पर इस तरह कब्जा किया जा रहा है, तो इसकी जांच कराई जाएगी और पुलिस को पत्र लिखकर उसे हटवाया जाएगा। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में कब तक जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई करता है और सड़क पर बाधित हो रहे आवागमन को सुचारु बनाने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Ravi Shukla रवि शुक्ला एक अनुभवी ग्राउंड रिपोर्टर हैं, दैनिक अखबारों और डिजिटल न्यूज़ मीडिया में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव है.रवि शुक्ला की मुख्य विशेषज्ञता हाइपर लोकल क्राइम, क्षेत्रीय राजनीति, प्रशासनिक,शिक्षा, फैसलों और ग्रामीण विषयों (खेती-किसानी) की ग्राउंड जीरो से तथ्यपरक रिपोर्टिंग करने में अच्छा अनुभव है।