सीधी/कुसमी: यात्री बस में गैस सिलेंडर ढोने का वीडियो वायरल, चंद रुपयों के लिए यात्रियों के साथ किया जा रहा खिलवाड़
यात्री बस में गैस सिलेंडर ढोने का वीडियो वायरल, चंद रुपयों के लिए यात्रियों के साथ किया जा रहा खिलवाड़
सीधी/कुसमी। यात्री बसों में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग भले ही नियमों का हवाला देता हो, लेकिन कुछ बस संचालकों की कथित लापरवाही इन नियमों पर सवाल खड़े कर रही है। ऐसा ही एक मामला सीधी से कुसमी के बीच संचालित चौहान बस का सामने आया है। बस में गैस सिलेंडर रखकर ले जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो के सामने आने के बाद यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में चौहान बस (श्रीराम ग्रुप) में गैस सिलेंडर रखते हुए दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि यह बस सीधी से कुसमी के बीच संचालित होती है और इसमें कथित तौर पर नियमित रूप से गैस सिलेंडर का परिवहन किया जाता है। आरोपों के मुताबिक, बस खाली सिलेंडर कुसमी से लेकर आती है और महखोर में भरे हुए सिलेंडर लेकर जाती है।
चंद रुपयों के लिए यात्रियों की सुरक्षा दांव पर?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि यात्रियों को लेकर चलने वाले वाहन में गैस सिलेंडर जैसे ज्वलनशील पदार्थ का परिवहन किसकी अनुमति से किया जा रहा है? यदि वायरल वीडियो में दिख रही गतिविधि की पुष्टि होती है तो यह यात्रियों की सुरक्षा के लिहाज से गंभीर मामला हो सकता है। बस में किसी भी प्रकार की आपात स्थिति उत्पन्न होने पर यात्रियों की जान जोखिम में पड़ सकती है।
नियमों के तहत यात्री परिवहन के लिए निर्धारित वाहन में खतरनाक और ज्वलनशील वस्तुओं का अनधिकृत परिवहन प्रतिबंधित है। इसके बावजूद यदि चंद पैसों के लालच के लिए यात्री बस का इस्तेमाल गैस सिलेंडर ढोने में किया जा रहा है तो इसकी जांच और कार्रवाई होना चाहिए।
जानकारी के अनुसार, बस का पंजीयन नंबर MP 53 ZB 8010 बताया गया है। यह बस दोपहर करीब 1:13 बजे सीधी से कुसमी के लिए रवाना होती है।और सुबह करीब 8 बजे राहौल, गाजर, नौढ़िया (कुसमी) की ओर जाती है। वीडियो वायरल होने के बाद अब परिवहन विभाग और पुलिस प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। मामला जो कुछ भी हो यह जांच का विषय है,अब देखना यह होगा कि खबर प्रकाशन के बाद जिम्मेदार क्या कुछ कार्यवाही करते हैं।
What's Your Reaction?