मड़वास थाना प्रभारी ने व्यापारियों से की गाली गलौज,विरोध में 6 घंटे बंद रहा बाजार,एक दिन पूर्व भी सब्जी विक्रेता के साथ की गई अभद्रता
सीधी जिले के मड़वास थाना क्षेत्र में थाना प्रभारी द्वारा कथित गाली-गलौज और अभद्रता के विरोध में व्यापारियों ने 6 घंटे तक बाजार बंद रखा। किराना व्यवसायी से विवाद के बाद मामला बढ़ा, जिसके विरोध में व्यापारी थाना परिसर के बाहर धरने पर बैठ गए। व्यापारियों ने थाना प्रभारी को लाइन हाजिर करने और FIR दर्ज करने की मांग की। एडिशनल एसपी कमला जोशी ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
मड़वास थाना प्रभारी ने व्यापारियों से की गाली गलौज,विरोध में 6 घंटे बंद रहा बाजार,एक दिन पूर्व भी सब्जी विक्रेता के साथ की गई अभद्रता
मझौली। सीधी जिले के मड़वास थाना क्षेत्र में शनिवार को किराना व्यवसायी से कथित गाली-गलौज के आरोप के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि पूरे बाजार में आक्रोश फैल गया। व्यापारियों ने विरोध करते हुए बाजार बंद कर दिया और थाना परिसर के बाहर धरने पर बैठ गए।
बताया गया कि मड़वास निवासी किराना व्यवसायी मानिक लाल गुप्ता की दुकान के सामने वाहन खड़ा किराने का सामान उतारकर दुकान में रख रहा था वहीं थाना प्रभारी आए इसी को लेकर लेकर थाना प्रभारी मानिक लाल को गाली गलौज करने लगे इसी को लेकर व्यवसायी के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान थाना प्रभारी द्वारा व्यवसायी के साथ अभद्रता और गाली-गलौज की गई। घटना की जानकारी मिलते ही अन्य व्यापारी मौके पर पहुंच गए और विरोध शुरू हो गया।
6 घंटे तक बंद रहा बाजार
घटना से नाराज व्यापारियों ने सुबह करीब 11 बजे अपनी दुकानें बंद कर दीं और थाने पहुंचकर विरोध जताया। बाजार शाम करीब 5 बजे तक बंद रहा, जिससे आम लोगों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। व्यापारियों ने थाना प्रभारी लाइन हाजिर के साथ एफआईआर दर्ज करने और कार्रवाई की मांग करने लगे।
धरने पर बैठे व्यापारी, कई शिकायतें आईं सामने
मड़वास व्यापारी संघ के अध्यक्ष कपिल गुप्ता सहित बड़ी संख्या में व्यापारी थाना परिसर पहुंचे और धरने पर बैठ गए। इस दौरान कई अन्य व्यापारियों ने भी थाना प्रभारी के खिलाफ पूर्व में कथित दुर्व्यवहार की शिकायतें सामने आई जिससे लोगों में खासा आक्रोश बढ़ता गया।
सब्जी व्यापारियों और बस क्लीनर ने भी लगाए आरोप
सब्जी व्यापारी राधा गुप्ता ने आरोप लगाया कि एक दिन पहले जन्माष्टमी के मौके पर सब्जी विक्रेताओं के साथ भी अभद्रता की गई। राधा गुप्ता ने बताया कि हम सब्जी की दुकान अपने दिव्यांग पति के साथ रेलवे तिराहा के पास खोले हैं जहां एक दिन पूर्व जन्माष्टमी के दिन थाना प्रभारी गाली गलौज किए और हमारे फल और सब्जी को लात मारकर फेंक दिए जिसके चलते हमारा काफी नुकसान भी हुआ इसके अलावा कमलेश साहू जिसकी सब्जी की दुकान है उसके साथ भी यही कृत्य किया गया और एक ठेला व्यवसाई दिलीप साहू उर्फ पप्पू के दुकान में पानी की बोतले फेंक दिए और दो कैरेट पानी लेकर अपनी गाड़ी में रख लिए,वहीं कामेश्वर बस के क्लीनर मनीष केवट ने आरोप लगाया कि बाजार में व्यापारियों का सामान उतारते समय थाना प्रभारी ने उसके पेट में लात मारी और गाली गलौज किए।
मौके पर पहुंची एडिशनल एसपी
मामले की जानकारी मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी मौके पर पहुंचीं और व्यापारियों को समझाइश दी। और उन्होंने कहा कि आज ही थाना प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया जाएगा,दो दिन बाद जांच कर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।
आश्वाशन के बाद शांत हुआ माहौल
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी ने थाना प्रभारी को आज ही लाइन हाजिर करने का आश्वासन दिया और दो दिन बाद जांच कर FIR दर्ज करने की भी बात कही इसके बाद व्यापारियों का विरोध शांत हुआ। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि अभी तक थाना प्रभारी के लाइन हाजिर कि कोई अधिकारिक सूचना नहीं मिली है।
What's Your Reaction?