सांसद, विधायक और कलेक्टर की उपस्थिति में मझौली में जन-विश्वास अभियान शिविर का हुआ आयोजन
सीधी जिले के मझौली में जन-विश्वास अभियान के तहत जिलास्तरीय शिविर आयोजित, 18 लाख की सहायता वितरण, स्वास्थ्य शिविर, पौधरोपण और साइकिल वितरण। मॉडल स्कूल में शिक्षक दिवस भी हर्षोल्लास से मनाया गया।
सांसद, विधायक और कलेक्टर की उपस्थिति में मझौली में जन-विश्वास अभियान शिविर का हुआ आयोजन
रवि शुक्ला,मझौली।
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत मझौली में आयोजित जिलास्तरीय शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं की सीधे सुनवाई की गई। बिजली, सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और विस्थापन से जुड़े मुद्दों पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने गंभीरता से चर्चा करते हुए कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया, जबकि शेष प्रकरणों के त्वरित निपटारे के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम के दौरान तीन स्व-सहायता समूहों को 18 लाख रुपये के स्वीकृति आदेश प्रदान किए गए। साथ ही लाड़ली लक्ष्मी, संबल एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को भी स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। शिविर में स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श की सुविधा दी गई, वहीं आईटीआई परिसर में पौधरोपण और स्कूली बच्चों को साइकिल वितरण भी किया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार जिले में 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक जन-विश्वास अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण, लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना है।
सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने बिजली समस्या को लेकर विद्युत विभाग को जल्द ट्रांसफार्मर स्थापित करने के निर्देश दिए। साथ ही जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी लाने और पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों की मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा। विस्थापन के मुद्दे पर उन्होंने प्रभावित परिवारों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और मुआवजा राशि के सुरक्षित उपयोग की सलाह दी।
विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने कहा कि अभियान का उद्देश्य शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित कर समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने आधार कार्ड में त्रुटियों के सुधार, सम्मान निधि योजनाओं का लाभ दिलाने, बांस रोपण के जरिए आजीविका बढ़ाने और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
कलेक्टर विकास मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का केवल औपचारिक निराकरण न करें, बल्कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि सुनिश्चित करें। उन्होंने लोक सेवा गारंटी के लंबित मामलों का समय-सीमा में निराकरण और नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।
आईटीआई परिसर में आयोजित कार्यक्रम में लक्ष्मी समूह पार्सिली, आदि शक्ति समूह गजरी और रमाबाई अंबेडकर समूह पांड को 6-6 लाख रुपये के स्वीकृति आदेश प्रदान किए गए। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र हितग्राहियों की प्रक्रियाएं पूरी कराई गईं।
मॉडल स्कूल मझौली में शिक्षक दिवस पर हुआ भव्य आयोजन, जनप्रतिनिधियों ने शिक्षकों को दी शुभकामनाएं
मझौली के शासकीय मॉडल स्कूल में शिक्षक दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, विधायक कुंवर सिंह टेकाम और कलेक्टर विकास मिश्रा सहित अन्य अधिकारियों ने शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों को अनुशासन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
सांसद डॉ. मिश्रा ने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के योगदान को याद करते हुए कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की नींव होते हैं। विधायक टेकाम ने कहा कि शिक्षक केवल पढ़ाने तक सीमित नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और सपनों को दिशा देने में अहम भूमिका निभाते हैं।
कलेक्टर विकास मिश्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता के लिए निरंतर मेहनत जरूरी है और असफलताओं से सीखकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने जिले के शिक्षकों की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए बताया कि शैलेंद्र प्रताप सिंह का राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 तथा राकेश कुमार द्विवेदी और सतीश कुमार पांडेय का राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार-2026 के लिए चयन हुआ है।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए विशेष भोजन का आयोजन किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया और उनसे संवाद किया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सौम्या आनंद, वनमंडलाधिकारी प्रीति अहिरवार, उप संचालक संजय टाइगर रिजर्व सीधी राजेश कन्ना टी. सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। अध्यक्ष नगर परिषद मझौली शंकरलाल गुप्ता, जिला पंचायत सदस्य छोटू पयासी, एसडीएम मझौली आकाश अग्रवाल, जनपद पंचायत सीईओ सुरभि श्रीवास्तव,ब्लॉक शिक्षा अधिकारी शैलेंद्र सिंह सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?