Sidhi News :कलेक्टर की अध्यक्षता में समय सीमा की बैठक आयोजित,1 अक्टूबर से पुराने बस स्टैंड से नहीं होगा बसों का संचालन
सीधी जिले में प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर अहम निर्णय लिए गए हैं। कलेक्टर विकास मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित समय-सीमा बैठक में 1 अक्टूबर से पुराने बस स्टैंड से बसों का संचालन पूरी तरह बंद करने का फैसला लिया गया है। इसके साथ ही जिले में आगामी कार्यक्रमों और योजनाओं की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
Sidhi News :कलेक्टर की अध्यक्षता में समय सीमा की बैठक आयोजित,1 अक्टूबर से पुराने बस स्टैंड से नहीं होगा बसों का संचालन
सीधी। कलेक्टर विकास मिश्रा की अध्यक्षता में सोमवार को समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न अभियानों, योजनाओं, आगामी कार्यक्रमों तथा लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने तथा योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सेवा संकल्प अभियान की समीक्षा करते हुए निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार सभी गतिविधियों के आयोजन तथा उनमें अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान की गतिविधियों को व्यापक स्तर तक पहुंचाते हुए जनभागीदारी को और विस्तारित किया जाए।
23 सितम्बर को होगा बलराम कृषि महोत्सव
कलेक्टर ने बताया कि बलराम कृषि महोत्सव का आयोजन 23 सितम्बर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में प्रस्तावित है। कार्यक्रम शासकीय कन्या महाविद्यालय में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कृषि एवं संबंधित विभागों को शासन के निर्देशानुसार कार्यक्रम की सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही किसान भाइयों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करते हुए कार्यक्रम को उनके लिए उपयोगी एवं लाभप्रद बनाने पर जोर दिया। इसी दिन आयुर्वेद मेला भुईमाड़ में आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर ने आयुष, स्वास्थ्य तथा महिला एवं बाल विकास विभाग को आवश्यक तैयारियां एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
25 सितम्बर को कुसमी में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का शिविर
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत अगला जिलास्तरीय शिविर 25 सितम्बर को कुसमी में आयोजित किया जाएगा। इसके साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी में वृहद स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित होगा। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को शिविर की सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। स्वामित्व योजना के तहत अधिकार अभिलेखों के निःशुल्क पंजीयन की कार्यवाही निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने तथा वनाधिकार एवं सामुदायिक दावों के निराकरण के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।
1 अक्टूबर से पुराने बस स्टैंड से नहीं होगा बसों का संचालन
कलेक्टर ने बस स्टैंड की शिफ्टिंग की तैयारियों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट किया कि 1 अक्टूबर से पुराने बस स्टैंड से बसों का संचालन नहीं होगा। इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। श्रमिकों की सुविधा के लिए लालता चौक के स्थान पर पुराने बस स्टैंड में आवश्यक व्यवस्था किए जाने की जानकारी दी गई। इससे शहर में यातायात के सुचारू संचालन में सुविधा होगी।
बैठक में दूरसंचार के अंतर्गत टॉवर स्थापना, अतिक्रमण तथा राहत संबंधी प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने तथा लंबित मामलों का समय पर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। स्थानीय निर्वाचन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप त्रिस्तरीय पंचायतों के उप निर्वाचन को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में तेजी लाएं
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सौम्या आनंद ने सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निराकरण की समीक्षा की। कलेक्टर ने अधिकारियों को शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। 50 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों के निराकरण के लिए विशेष अभियान चलाने तथा प्राथमिकता के आधार पर प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में संयुक्त कलेक्टर संजीव पाण्डेय, उपखंड अधिकारी गोपद बनास प्रिया पाठक, सिहावल राकेश शुक्ला, चुरहट अजय शर्मा, कुसमी सागर जैन सहित सभी विभागों के जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?