PM के जन्मदिन पर सीधी में प्रधानमंत्री के पुतले में लगाई आग , एक घंटे बिजली बंद रख जताया आक्रोश
मध्यप्रदेश के सीधी जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर सवर्ण समाज ने विरोध प्रदर्शन किया। एक घंटे बिजली बंद रखी और पुतला जलाकर नीतियों पर जताया आक्रोश।
PM के जन्मदिन पर सीधी में प्रधानमंत्री के पुतले में लगाई आग , एक घंटे बिजली बंद रख जताया आक्रोश
सीधी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर गुरुवार को जिले में सवर्ण समाज के कुछ युवाओं द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया। जहां एक ओर भाजपा की ओर से शाम 6 से 7 बजे तक घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने की अपील की गई थी, वहीं इसके विरोध में कई लोगों ने इसी समय अपने घरों की बिजली बंद रखकर असहमति जताई।
जानकारी के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने बताया कि यह कदम सरकार की नीतियों और कुछ कानूनों के खिलाफ प्रतीकात्मक विरोध के रूप में उठाया गया। शाम के समय बिजली बंद रखने के बाद रात करीब 8 से 9 बजे के बीच रामगोविंद पैलेस के पास प्रदर्शनकारियों का जमावड़ा हुआ।
यहां एक खंभे के पास प्रधानमंत्री का पुतला तैयार किया गया, जिसे नीले कपड़े में लपेटा गया था। प्रदर्शनकारियों ने पहले पुतले की आरती उतारी और फिर उसी दीपक से पुतले में आग लगा दी। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने नारेबाजी भी की।
समाजसेवी शत्रुघ्न पांडे ने बताया कि सवर्ण समाज सरकार की कुछ नीतियों और कानूनों से असंतुष्ट है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन नीतियों के कारण सवर्ण वर्ग को नुकसान पहुंच रहा है। प्रदर्शनकारियों ने विशेष रूप से एससी-एसटी एक्ट और यूजीसी से जुड़े प्रावधानों को लेकर नाराजगी जताई।
प्रदर्शन में शामिल लोगों के अनुसार, कार्यक्रम में करीब 30 से 40 कार्यकर्ता मौजूद थे। उनका कहना था कि यह विरोध किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि उन नीतियों और कानूनों के खिलाफ है, जिन्हें वे अपने हितों के विपरीत मानते हैं।
What's Your Reaction?