भारी बारिश के बीच अंत्योदय स्वास्थ्य मेले में उमड़ी हजारों मरीजों की भीड़, छोटी पड़ गई अस्पताल
सीधी जिले के कुसमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित अंत्योदय स्वास्थ्य मेले में हजारों मरीज पहुंचे। लगातार बारिश के बावजूद विशेषज्ञ डॉक्टरों ने जांच और इलाज किया। विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने शिविर का निरीक्षण किया।
भारी बारिश के बीच अंत्योदय स्वास्थ्य मेले में उमड़ी हजारों मरीजों की भीड़, छोटी पड़ गई अस्पताल
कुसमी। सीधी जिले के कुसमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शुक्रवार को आयोजित विशाल अंत्योदय स्वास्थ्य मेले में हजारों की संख्या में मरीज उपचार और स्वास्थ्य जांच के लिए पहुंचे। मरीजों की भारी भीड़ के चलते अस्पताल परिसर की व्यवस्थाएं छोटी पड़ गईं। लगातार बारिश के बावजूद स्वास्थ्य विभाग की जिला स्तरीय मेडिकल टीम ने मरीजों की जांच, उपचार और परामर्श का कार्य लगातार जारी रखा।
मध्य प्रदेश शासन एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत जिला प्रशासन और कलेक्टर विकास मिश्रा के निर्देश पर आयोजित इस शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा विभिन्न बीमारियों की जांच एवं परामर्श दिया गया। मरीजों को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।
विधायक टेकाम ने की स्वास्थ्य टीम के प्रयासों की सराहना
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने कहा कि शिविर के दौरान इंद्रदेव भी काफी प्रसन्न रहे और लगातार बारिश हुई। इसके बावजूद अधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने पूरी लगन और मेहनत से मरीजों की जांच एवं उपचार किया, जो सराहनीय है। उन्होंने शिविर में पहुंचे सभी मरीजों से उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने और स्वस्थ रहने की अपील की।
10 आंगनबाड़ी केंद्रों का भूमिपूजन
स्वास्थ्य मेले के दौरान विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने कुसमी क्षेत्र में बनने वाले 10 आंगनबाड़ी केंद्रों का भूमिपूजन भी किया। इस अवसर पर क्षेत्र में बच्चों एवं महिलाओं से जुड़ी सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी गई।
सांदीपनि विद्यालय की छात्राओं ने दी रंगारंग प्रस्तुति
कार्यक्रम में सांदीपनि विद्यालय की छात्राओं ने गीत एवं रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अतिथियों का स्वागत किया। वहीं नाट्य कलाकारों द्वारा नाटक प्रस्तुत कर लोगों को विभिन्न सामाजिक एवं स्वास्थ्य विषयों के प्रति जागरूक किया गया।
जिला पंचायत सीईओ ने कहा कुसमी की रैंकिंग कमजोर
शिविर में पहुंचीं जिला पंचायत सीईओ सौम्या आनंद ने कहा कि उन्हें जिले में कार्यभार संभाले अभी करीब लगभग 25 दिन हुए हैं। इस दौरान की गई समीक्षा में कुसमी की रैंकिंग काफी कम पाई गई है। समीक्षा के बाद जिला पंचायत सीईओ ने अब तक कोई ठोस कदम उठाया या नहीं यह बात तो सामने नहीं आ पा आयी है पर कुसमी आदिवासी जनपद की रैंकिंग को आगामी समय में रैंन्किगं की स्थिति को वो कितना बेहतर कर पाती है यह आने वाले वक्त पर ही पता चल सकेगा।
छह माह के भीतर दोबारा शिविर लगाने का आश्वासन
कार्यक्रम के समापन पर एसडीएम सागर दिलीप जैन ने उपस्थित अतिथियों एवं क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोग बारिश के बावजूद शिविर में पहुंचे। बारिश के कारण लोगों को हुई असुविधा के लिए उन्होंने खेद जताया। साथ ही उन्होंने विश्वास दिलाया कि आगामी छह माह के भीतर दोबारा इसी तरह का स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा, जिससे जो लोग इस बार स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने से वंचित रह गए हैं, उन्हें भी अवसर मिल सके।
बारिश के कारण कुछ मरीज लौटे, दोबारा शिविर लगाने की मांग
शिविर में पहुंचे कुसमी क्षेत्र के स्थानीय लोगों ने बताया कि प्रशासन द्वारा स्वास्थ्य मेले का आयोजन काफी अच्छा किया गया था। हालांकि लगातार बारिश के कारण कुछ अव्यवस्थाओं का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद अधिकारी, कर्मचारी एवं मेडिकल टीम लगातार मरीजों की सेवा में लगी रही। कई लोग बारिश और भीड़ के कारण शिविर का पूरा लाभ नहीं ले सके और उन्हें वापस लौटना पड़ा। स्थानीय लोगों ने क्षेत्रीय विधायक कुंवर सिंह टेकाम व जिला कलेक्टर का ध्यान आकृष्ट कराते हुए कुसमी में एक बार फिर स्वास्थ्य शिविर आयोजित कराने की मांग की, ताकि छूटे हुए मरीजों को भी विशेषज्ञ चिकित्सकों से जांच एवं उपचार की सुविधा मिल सके।
थाना प्रभारी ने संभाली पार्किंग और यातायात व्यवस्था
अंत्योदय स्वास्थ्य मेले के दौरान थाना प्रभारी कुसमी अरुणा द्विवेदी के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं यातायात की बेहतर व्यवस्था की गई। शिविर में आने वाले वाहनों के लिए अलग से पार्किंग की व्यवस्था कराई गई। कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को आवागमन में परेशानी नहीं हुई।
पुलिस की मुस्तैदी के चलते कार्यक्रम के दौरान कहीं भी जाम की स्थिति निर्मित नहीं होने पाई और भारी भीड़ के बावजूद यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रही। पुलिस प्रशासन की इस व्यवस्था से शिविर में पहुंचे मरीजों एवं उनके परिजनों को काफी सुविधा मिली।
उक्त कार्यक्रम में धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू राम सिंह जिला पंचायत सीईओ सौम्या आनंद, जिला पंचायत सदस्य हीराबाई सिंह, जनपद सदस्य सावित्री पनिका, भाजपा मंडल अध्यक्ष अखंड प्रताप सिंह, सीएमएचओ डॉ. अशोक कुमार खरे, एसडीएम सागर दिलीप जैन, तहसीलदार नारायण सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी ज्ञानेंद्र मिश्रा, बीआरसीसी अंगिरा द्विवेदी सहित जिला मेडिकल टीम, कुसमी खंड प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, सरपंच-सचिव, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, आशा कार्यकर्ता एवं स्वास्थ्य विभाग का अमला मौजूद रहा।
What's Your Reaction?