सीधी के रामपुर नैकिन-चुरहट क्षेत्र में पहली बार पहुंची ट्रेन,विंध्य में विकास के नए युग का शुभारंभ
सतना-देवेंद्रनगर और रीवा-चुरहट रेलखंडों का लोकार्पण, देवेंद्रनगर-चुरहट ट्रेन सेवा शुरू; उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल और सीधी-रीवा सांसदों ने आम यात्रियों के साथ किया सफर, दिसंबर 2026 तक सीधी और 2028 तक सिंगरौली तक रेल लाइन पहुंचाने का लक्ष्य
सीधी के रामपुर नैकिन-चुरहट क्षेत्र में पहली बार पहुंची ट्रेन,विंध्य में विकास के नए युग का शुभारंभ
सीधी, रवि शुक्ला। सीधी जिले के रामपुर नैकिन-चुरहट क्षेत्र के लिए 24 अक्टूबर 2026 का दिन ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में दर्ज हुआ। क्षेत्र में पहली बार रेल सेवा शुरू होने से वर्षों पुराना सपना साकार होने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया। सतना-देवेंद्रनगर के 53 किलोमीटर तथा रीवा-चुरहट के 65 किलोमीटर रेलखंडों का लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही देवेंद्रनगर-चुरहट ट्रेन सेवा का शुभारंभ हुआ। नई रेल सेवा शुरू होने से क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल रहा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। वहीं उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा और रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की। इस अवसर पर क्षेत्रवासियों ने रेलवे स्टेशनों पर ट्रेन का गर्मजोशी से स्वागत किया।
पहली ट्रेन में जनप्रतिनिधियों ने किया सफर
देवेंद्रनगर-चुरहट ट्रेन सेवा के शुभारंभ के बाद उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा, सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, चुरहट के पूर्व विधायक शरदेंदु तिवारी और देव कुमार सिंह चौहान ने आम नागरिकों के साथ चुरहट से गोविंदगढ़ तक ट्रेन में यात्रा की। जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्रवासियों के साथ रेल सेवा शुरू होने की खुशी साझा की। पहली बार अपने क्षेत्र में ट्रेन का संचालन देखकर विद्यार्थी, युवा, व्यापारी और स्थानीय नागरिक उत्साहित नजर आए। रेलवे स्टेशनों पर ट्रेन के पहुंचने पर लोगों ने स्वागत किया। क्षेत्रवासियों का मानना है कि रेल सेवा शुरू होने से आवागमन आसान होगा और विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी।
दिसंबर तक सीधी और 2028 तक सिंगरौली तक रेल लाइन का लक्ष्य
सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि लंबे इंतजार और निरंतर प्रयासों के बाद जिले में विकास की नई गाथा लिखी जा रही है। निर्धारित लक्ष्य के अनुसार दिसंबर 2026 तक रेल लाइन को सीधी तथा वर्ष 2028 तक सिंगरौली तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि रेल कनेक्टिविटी बढ़ने से व्यापार, शिक्षा और रोजगार के अवसरों का विस्तार होगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि विंध्य और बुंदेलखंड विकास के नए दौर में प्रवेश कर रहे हैं। रेल संपर्क मजबूत होने से किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने, उद्योगों के विकास और युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। उन्होंने 541 किलोमीटर लंबी ललितपुर-सिंगरौली रेल परियोजना को क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
विंध्य और बुंदेलखंड के लिए लाइफलाइन बनेगी रेल लाइन
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि विंध्य और बुंदेलखंड के लिए रेल कनेक्टिविटी विकास की लाइफलाइन साबित होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में रेलवे नेटवर्क का विस्तार और आधुनिकीकरण किया जा रहा है। ललितपुर-सिंगरौली रेल लाइन के महत्वपूर्ण खंडों का कार्य पूरा होना क्षेत्र के विकास की दिशा में अहम कदम है। उन्होंने कहा कि रेल लाइन से ऊर्जा और उद्योगों को जोड़ने में मदद मिलेगी तथा विंध्य क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार की संभावनाएं बढ़ेंगी। रेल परियोजनाओं के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता दी जा रही है।
व्यापार, उद्योग और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
नई रेल सेवा शुरू होने से क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है। चूना पत्थर और अन्य खनिज संसाधनों से समृद्ध विंध्य क्षेत्र में रेल मार्ग सीमेंट, क्लिंकर और अन्य माल के परिवहन के लिए उपयोगी साबित हो सकता है। इससे औद्योगिक इकाइयों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलने के साथ स्थानीय व्यापार को भी प्रोत्साहन मिलेगा। रेल संपर्क बढ़ने से विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों को यात्रा में सुविधा मिलने की उम्मीद है। वहीं, क्षेत्र के धार्मिक, ऐतिहासिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होने से पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिल सकता है। इससे होटल, परिवहन और स्थानीय बाजारों में रोजगार के नए अवसर विकसित होने की संभावना है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा- साकार हुआ वर्षों पुराना सपना
उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि रेल परियोजना की नींव वर्ष 2016 में तत्कालीन रेल मंत्री सुरेश प्रभु के कार्यकाल में रखी गई थी। अब इसके महत्वपूर्ण हिस्सों का लोकार्पण होना क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि रेल, सड़क और हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार से विंध्य क्षेत्र में औद्योगिक विकास, पर्यटन और कृषि गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी।रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा ने भी रेल संपर्क के विस्तार को विंध्य क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि दशकों पुरानी रेल सेवा की परिकल्पना अब साकार होने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
चुरहट में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह, पूर्व मंत्री पुष्पराज सिंह, चुरहट के पूर्व विधायक शरदेंदु तिवारी, देव कुमार सिंह चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। इस दौरान कलेक्टर विकास मिश्रा, पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सौम्या आनंद सहित विभिन्न विभागों और रेलवे के अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?