मड़वास को नगर पंचायत बनाने और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से CHC करने धौहनी विधायक ने CM को लिखा पत्र
Sidhi News: सीधी जिले के मड़वास को नगर पंचायत बनाने और PHC को CHC में अपग्रेड करने की मांग को लेकर धौहनी विधायक ने CM को पत्र लिखा। साथ ही पुल, स्टेडियम और तहसील भवन निर्माण की भी मांग की है।
मड़वास को नगर पंचायत बनाने और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से CHC करने धौहनी विधायक ने CM को लिखा पत्र
रवि शुक्ला,मझौली । सीधी जिले के विधानसभा क्षेत्र धौहनी के विकास को लेकर विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर मड़वास को नगर पंचायत बनाने और यहां संचालित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में उन्नयन करने की मांग की है। विधायक ने क्षेत्र की बढ़ती आबादी और सुविधाओं की आवश्यकता को देखते हुए यह प्रस्ताव रखा है।
पत्र में विधायक श्री टेकाम ने उल्लेख किया है कि मड़वास (जिला सीधी) को नगर पंचायत के रूप में विकसित किया जाना जरूरी है। प्रस्ताव के अनुसार ग्राम पंचायत मड़वास, ग्राम पंचायत जौड़ोरी के ग्राम अकला, ग्राम पंचायत नदहा तथा ग्राम पंचायत अमहिया के ग्राम अमहिया और सौंधिया को मिलाकर नया नगर पंचायत बनाया जा सकता है, जिसमें करीब 15 हजार मतदाता शामिल होंगे।
इसी के साथ विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने जिला सिंगरौली के निवास क्षेत्र को भी नगर पंचायत बनाने का प्रस्ताव दिया है। इसके अंतर्गत ग्राम पंचायत निवास, कटई, निगरी, महुआगांव, हर्दी, पापल और छमरछ को शामिल करते हुए लगभग 20 हजार मतदाताओं के साथ नया नगर पंचायत गठित करने की अनुशंसा की गई है।
स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर भी विधायक ने अहम मांग उठाई है। उन्होंने बताया कि मड़वास तहसील मुख्यालय होने के कारण यहां मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन वर्तमान में केवल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र संचालित है। ऐसे में बेहतर इलाज और सुविधाओं के लिए PHC मड़वास को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में अपग्रेड करना अत्यंत आवश्यक है।
विधायक ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि क्षेत्रीय जनता की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए दोनों प्रस्तावों को जल्द स्वीकृति प्रदान की जाए, जिससे स्थानीय लोगों को शहरी सुविधाएं और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
पुल, स्टेडियम और तहसील भवन की मांग
धौहनी विधानसभा में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और क्षेत्रीय विकास को गति देने के उद्देश्य से धौहनी विधानसभा क्षेत्र के विधायक ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर विभिन्न निर्माण कार्यों की स्वीकृति प्रदान करने की मांग की है। पत्र में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में जरूरी परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर मंजूरी देने का अनुरोध किया गया है।
विधायक द्वारा भेजे गए प्रस्ताव में सबसे अहम मांग ग्राम पंचायत कुन्दौर के अंतर्गत प्रधानमंत्री मार्ग से भरतपुर (छत्तीसगढ़) जाने वाले मार्ग पर मवई नदी पर लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण की है। यह पुल बनने से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी और छत्तीसगढ़ से सीधी जिले की कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
इसके अलावा विकासखंड मझौली के ग्राम गिजवार में स्पोर्ट्स कैंपस स्थापित करने की मांग भी की गई है, जिससे स्थानीय युवाओं को खेल सुविधाएं मिल सकें और प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त हो।
खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए ही कुसमी विकासखंड मुख्यालय में करीब 1.50 करोड़ रुपये की लागत से सर्वसुविधायुक्त स्टेडियम निर्माण का प्रस्ताव भी भेजा गया है।
वहीं प्रशासनिक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए तहसील मझौली में 1.50 करोड़ रुपये की लागत से नए तहसील भवन निर्माण की मांग रखी गई है, जिससे आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
विधायक ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि इन सभी निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति प्रदान की जाए, ताकि क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिल सके और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
What's Your Reaction?