Sidhi: छुहिया घाटी में ओडिशा पुलिस पर हमले का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार,अन्य फरार आरोपियों पर 30-30 हजार का इनाम घोषित

Oct 3, 2026 - 19:11
 0  186

Sidhi: छुहिया घाटी में ओडिशा पुलिस पर हमले का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार,अन्य फरार आरोपियों पर 30-30 हजार का इनाम घोषित

सीधी। रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र की छुहिया घाटी में ओडिशा पुलिस दल पर हमला कर पुलिस अभिरक्षा से बंदी को छुड़ाकर ले जाने के मामले का सीधी पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी कुंवर प्रताप सिंह उर्फ शिवम सिंह बघेल, निवासी ग्राम चौखड़ा, थाना जनेह, जिला रीवा, हाल निवासी प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया है। पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने घटना को पूर्व नियोजित साजिश बताया है। पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर 2026 को ओडिशा पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी शासकीय वाहन से सर्किल जेल फुलवानी, जिला कंधमाल से बंदी आदित्य मिश्रा को प्रोडक्शन वारंट पर विशेष न्यायालय रीवा में पेश करने के लिए लेकर आ रहे थे। इसी दौरान रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र की छुहिया पहाड़ की चढ़ाई पर आरोपियों ने अलग-अलग वाहनों से पुलिस वाहन को घेरकर रास्ता रोक लिया।

डंडे और बेसबॉल बैट से किया हमला

आरोपियों ने पुलिस वाहन के शीशे, बोनट सहित अन्य हिस्सों पर डंडे और बेसबॉल बैट से हमला किया। पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट भी की गई। इसी दौरान हथियार से फायरिंग करने और पुलिस वाहन के अंदर स्प्रे करने की बात भी पुलिस जांच में सामने आई है। हमले का फायदा उठाकर आरोपियों ने पुलिस अभिरक्षा में मौजूद बंदी को जबरन वाहन से उतारा और अपने साथ ले गए। घटना की सूचना मिलते ही रामपुर नैकिन थाना एवं पिपरांव पुलिस चौकी का बल मौके पर पहुंचा। पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और घटना का निरीक्षण कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

चार जिलों की पुलिस ने चलाया अभियान

घटना की गंभीरता को देखते हुए रीवा जोन के पुलिस महानिरीक्षक गौरव राजपूत के निर्देशन, डीआईजी रीवा क्षेत्र हेमंत चौहान के मार्गदर्शन और एसपी सीधी संतोष कोरी के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया गया। सीधी, रीवा, मैहर और मऊगंज जिले की पुलिस टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर सूचना और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करते हुए संभावित ठिकानों पर दबिश दी।

दो वाहन बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के मेमोरेण्डम के आधार पर टाटा हैरियर वाहन क्रमांक DL3CCR0538 बरामद किया है। वहीं मुखबिर की सूचना पर GJ34D5455 नंबर का एक अन्य वाहन लावारिस हालत में बरामद किया गया। जांच के दौरान घटना में प्रयुक्त एक सफेद रंग की टाटा हैरियर और एक ब्रेजा वाहन के संबंध में भी जानकारी सामने आई है। दोनों वाहनों की तलाश की जा रही है।

इन आरोपियों की पहचान, 30-30 हजार रुपये का इनाम

पुलिस के मुताबिक पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कुलदीप ओझा, संजय पटेल, सचिन पटेल, आशीष पटेल, संग्राम सिंह, राजा पटेल, पुन्नी, रवि सहित अन्य 4-5 व्यक्तियों की संलिप्तता की जानकारी सामने आई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रति आरोपी 30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि इन व्यक्तियों के संबंध में कोई विश्वसनीय जानकारी मिलने पर तत्काल निकटतम थाना पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले को 30 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा।

आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज

रामपुर नैकिन थाने में अपराध क्रमांक 1000/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं एवं 25/27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस फरार आरोपियों तथा अन्य वाहनों की तलाश में जुटी है।

इनकी रही विशेष भूमिका

कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी, प्रभारी एसडीओपी चुरहट रावेन्द्र द्विवेदी, थाना प्रभारी रामपुर नैकिन सुधांशु तिवारी, थाना प्रभारी जमोड़ी केदार परौहा, थाना प्रभारी सेमरिया विवेक द्विवेदी, मड़वास थाना प्रभारी भूपेश वैश,चौकी प्रभारी पिपरांव शेषमणि मिश्रा सहित जिला साइबर टीम का विशेष योगदान रहा। सीधी पुलिस ने कहा है कि गंभीर एवं संगठित अपराधों के विरुद्ध त्वरित, समन्वित और प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Ravi Shukla रवि शुक्ला एक अनुभवी ग्राउंड रिपोर्टर हैं, दैनिक अखबारों और डिजिटल न्यूज़ मीडिया में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव है.रवि शुक्ला की मुख्य विशेषज्ञता हाइपर लोकल क्राइम, क्षेत्रीय राजनीति, प्रशासनिक,शिक्षा, फैसलों और ग्रामीण विषयों (खेती-किसानी) की ग्राउंड जीरो से तथ्यपरक रिपोर्टिंग करने में अच्छा अनुभव है।