धौहनी विधानसभा में 16.81 करोड़ रूपये से बनेंगी 11 ग्रामीण सड़कें, सांसद एवं विधायक ने किया भूमि पूजन
सीधी जिले की धौहनी विधानसभा में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-IV के तहत 16.81 करोड़ रुपये की लागत से 11 ग्रामीण सड़कों का निर्माण होगा। सांसद डॉ. राजेश मिश्रा और विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने किया भूमि पूजन।
धौहनी विधानसभा में 16.81 करोड़ रूपये से बनेंगी 11 ग्रामीण सड़कें, सांसद एवं विधायक ने किया भूमि पूजन
सीधी। ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा मजबूत करने और गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ने की दिशा में धौहनी विधानसभा को बड़ी सौगात मिली है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-IV के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र की सिकरा, टिकरी एवं सहिजनहां पंचायतों में कुल 16 करोड़ 81 लाख 28 हजार रुपये की लागत से 11 ग्रामीण सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। सांसद डॉ. राजेश मिश्रा तथा विधायक धौहनी कुंवर सिंह टेकाम ने सोमवार को तीनों पंचायतों में आयोजित कार्यक्रमों में इन सड़क निर्माण कार्यों का विधिवत भूमि पूजन किया। इन सड़कों के निर्माण से दूरस्थ ग्रामीण बस्तियों तक आवागमन आसान होगा और ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार एवं रोजगार से जुड़ी सुविधाओं तक बेहतर पहुंच मिल सकेगी।
तीनों पंचायतों में स्वीकृत सड़क निर्माण कार्यों में सिकरा पंचायत में 5 करोड़ 1 लाख 40 हजार रुपये की लागत से चार सड़कें बनाई जाएंगी। इनमें सीधी-टिकरी रोड से हरिजन बस्ती (लोहझर), सिकरा बुडान टोला रोड से देवाखिचार टोला, सिकरा बुडान टोला रोड से पश्चिम टोला तथा सिकरा रोड से बुडान टोला तक सड़क निर्माण शामिल है।
इसी तरह टिकरी पंचायत में 4 करोड़ 97 लाख 25 हजार रुपये की लागत से चार सड़क निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें टिकरी-निंगरी रोड से डाला पीपर, अहिरान टोला रोड से पूर्व टोला, टिकरी-सरई मेन रोड से अहिरान टोला तथा टिकरी-सरई-डाला पीपर रोड से बरबरहा तक सड़क बनाई जाएगी।
वहीं सहिजनहां पंचायत में 6 करोड़ 82 लाख 63 हजार रुपये की लागत से तीन सड़क निर्माण कार्य कराए जाएंगे। इनमें पथरौला-खाम्ह घाटी रोड से चरकी पहाड़ी (सहिजनहां), पथरौला-खाम्ह घाटी रोड (पीडब्ल्यूडी) से बगैहा (सहिजनहां) तथा सहिजनहां रोड से बघिया टोला (सहिजनहां) तक सड़क निर्माण शामिल है।
इस अवसर पर सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी जा रही है। सड़कें केवल आवागमन का साधन नहीं हैं, बल्कि गांवों की आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक प्रगति का आधार हैं। बेहतर सड़क संपर्क से ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, बाजार और रोजगार के अवसरों तक पहुंचने में सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए आधारभूत सुविधाओं का विस्तार निरंतर जारी रहेगा।
धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने अपने उद्बोधन में कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों का सिलसिला निरंतर जारी है। प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नेतृत्व में धौहनी विधानसभा के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से गांवों और दूरस्थ बस्तियों को बेहतर सड़क संपर्क से जोड़ने का कार्य हो रहा है। इन 11 सड़कों के निर्माण से ग्रामीणों, विद्यार्थियों, किसानों और आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।सिकरा एवं टिकरी के कार्यक्रमों में के.के. मिश्रा शामिल हुए। टिकरी एवं सहिजनहां के कार्यक्रमों में चंद्रपाल उइके, वरिष्ठ नेता यू.के. श्रीवास्तव, कृष्णपाल सिंह, फूलमती सिंह, दुर्गा यादव एवं चंद्र प्रकाश गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सिकरा के कार्यक्रम में भी स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों की सहभागिता रही। कार्यक्रम में जीएम प्रधानमंत्री ग्राम सड़क गणेश प्रसाद मिश्र सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। इन 11 सड़कों के निर्माण से धौहनी विधानसभा के ग्रामीण अंचलों में सड़क संपर्क का विस्तार होगा। विशेष रूप से दूरस्थ गांवों और बस्तियों के नागरिकों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। इससे ग्रामीण जीवन सुगम होने के साथ ही क्षेत्र के विकास और आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
What's Your Reaction?