टेक्नोथलॉन में केंद्रीय विद्यालय की दो छात्राओं ने हासिल किया ऑल इंडिया दसवां स्थान,26 को गुवाहाटी होंगी रवाना

Aug 23, 2026 - 19:33
 0  31
टेक्नोथलॉन में केंद्रीय विद्यालय की दो छात्राओं ने हासिल किया ऑल इंडिया दसवां स्थान,26 को गुवाहाटी होंगी रवाना

टेक्नोथलॉन में केंद्रीय विद्यालय की दो छात्राओं ने हासिल किया ऑल इंडिया दसवां स्थान,26 को गुवाहाटी होंगी रवाना

सीधी। पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय सीधी की दो छात्राओं ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित टेक्नोथलॉन प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया स्तर पर दसवां स्थान प्राप्त कर विद्यालय और जिले का गौरव बढ़ाया है। प्रतियोगिता के प्रारंभिक चरण में शानदार प्रदर्शन के बाद छात्राएं अब अगले चरण अर्थात मुख्य परीक्षा के लिए चयनित हुई हैं।

विद्यालय की छात्रा आख्या कचेर पिता पवन कुमार कचेर एवं माता अंजू कचेर तथा आयूशी द्विवेदी पिता अखिलेश्वर धर द्विवेदी एवं माता वर्षा द्विवेदी ने यह उपलब्धि हासिल की है। दोनों छात्राएं 26 अगस्त 2026 को गुवाहाटी के लिए रवाना होंगी, जहां आईआईटी गुवाहाटी में आयोजित होने वाली मुख्य प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी।

टेक्नोथलॉन, आईआईटी गुवाहाटी के तकनीकी- प्रबंधन उत्सव ‘टेक्नीश’ के प्रमुख आयोजनों में शामिल अंतरराष्ट्रीय स्तर की विद्यालयीन प्रतियोगिता है। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों की तार्किक, विश्लेषणात्मक, रचनात्मक एवं कल्पनाशील सोच को परखना है। प्रतियोगिता दो चरणों में आयोजित की जाती है। प्रारंभिक परीक्षा लिखित रूप में होती है, जिसमें विद्यार्थियों की तार्किक एवं विश्लेषणात्मक क्षमता का परीक्षण किया जाता है। परीक्षा की विशेषता इसकी अलग-अलग और गतिशील अंक प्रणाली तथा प्रत्येक वर्ष निर्धारित की जाने वाली अनूठी विषय-वस्तु है। प्रारंभिक चरण से प्रत्येक वर्ग की शीर्ष 25 टीमें मुख्य चरण के लिए चयनित होती हैं।

मुख्य चरण आईआईटी गुवाहाटी में आयोजित होता है। इसमें चयनित विद्यार्थी विभिन्न चुनौतीपूर्ण गतिविधियों और प्रतियोगिताओं के माध्यम से अपनी नवाचार क्षमता, रचनात्मकता, तार्किक क्षमता और कल्पनाशीलता का प्रदर्शन करते हैं। मुख्य प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों को आईआईटी गुवाहाटी के तकनीकी- प्रबंधन उत्सव की विभिन्न प्रतियोगिताओं, व्याख्यानों और कार्यशालाओं में शामिल होने का अवसर भी मिलता है।

विद्यालय परिवार करेगा यात्रा की पूरी व्यवस्था

दोनों छात्राएं गुवाहाटी के लिए विमान से रवाना होंगी। वे बनारस से संपर्क विमान के माध्यम से गुवाहाटी पहुंचेंगी। मुख्य प्रतियोगिता का कार्यक्रम लगभग पांच दिनों का रहेगा। छात्राओं के आने-जाने सहित यात्रा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का प्रबंधन विद्यालय परिवार द्वारा किया जा रहा है। विद्यालय के प्राचार्य मनीष कुमार मिश्रा ने छात्राओं की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। छात्राओं की कक्षा अध्यापिका श्रीमती फरहा खान तथा प्रतियोगिता की तैयारी में मार्गदर्शन देने वाले शिक्षक अक्षय पाठक एवं मोहम्मद नौशाद ने भी दोनों छात्राओं को बधाई दी।

वर्ष 2004 में हुई थी शुरुआत

टेक्नोथलॉन की शुरुआत वर्ष 2004 में आईआईटी गुवाहाटी के विद्यार्थियों द्वारा युवा सोच को प्रेरित करने के उद्देश्य से की गई थी। समय के साथ यह प्रतियोगिता देश के 450 से अधिक शहरों और विदेशों के विभिन्न केंद्रों तक पहुंच चुकी है। प्रतियोगिता विद्यार्थियों को केवल परीक्षा तक सीमित न रखकर उन्हें तार्किक एवं रचनात्मक सोच के साथ नई परिस्थितियों में समाधान खोजने का अवसर प्रदान करती है।

केंद्रीय विद्यालय सीधी की दोनों छात्राओं का राष्ट्रीय स्तर पर दसवां स्थान प्राप्त कर मुख्य चरण के लिए चयनित होना विद्यालय के साथ-साथ सीधी जिले के लिए भी गौरव की उपलब्धि है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Ravi Shukla रवि शुक्ला एक अनुभवी ग्राउंड रिपोर्टर हैं, दैनिक अखबारों और डिजिटल न्यूज़ मीडिया में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव है.रवि शुक्ला की मुख्य विशेषज्ञता हाइपर लोकल क्राइम, क्षेत्रीय राजनीति, प्रशासनिक,शिक्षा, फैसलों और ग्रामीण विषयों (खेती-किसानी) की ग्राउंड जीरो से तथ्यपरक रिपोर्टिंग करने में अच्छा अनुभव है।