Sidhi News: शिक्षक दिवस पर कलेक्टर व एसपी ने किया सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान
Sidhi News: शिक्षक दिवस पर सीधी कलेक्टर विकास मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने 15 सेवानिवृत्त शिक्षकों का शाल व श्रीरामचरितमानस भेंट कर सम्मान किया।
Sidhi News: शिक्षक दिवस पर कलेक्टर व एसपी ने किया सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान
सीधी। शिक्षक दिवस के अवसर पर जिले के सेवानिवृत्त शिक्षकों के सम्मान एवं उनके अनुभवों से नई पीढ़ी को जोड़ने के उद्देश्य से कलेक्टर विकास मिश्रा की पहल पर इंडियन कॉफी हाउस में विशेष भोज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के 15 सेवानिवृत्त शिक्षक शामिल हुए।
इस अवसर पर कलेक्टर विकास मिश्रा, पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सौम्या आनन्द, अपर कलेक्टर बीपी पाण्डेय, जिला परियोजना समन्वयक विनय मिश्रा, जिला जनसंपर्क अधिकारी अधिकारी मुकेश मिश्रा, कार्यपालन यंत्री जल संसाधन विभाग पीके पाण्डेय ने सेवानिवृत्त शिक्षकों के साथ आत्मीय संवाद किया। अतिथियों द्वारा सभी शिक्षकों को शाल एवं श्रीरामचरितमानस भेंट कर सम्मानित किया गया।
कलेक्टर विकास मिश्रा ने सेवानिवृत्त शिक्षकों से संवाद करते हुए कहा कि “आपका अनुभव हमारे लिए महत्वपूर्ण है। आपने अपने सेवाकाल में विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने का कार्य किया है। सेवानिवृत्ति के बाद भी आपके अनुभव और मार्गदर्शन का लाभ जिले के विद्यार्थियों को मिल सकता है।” उन्होंने शिक्षकों से जिले में शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों एवं प्रयासों में अपनी क्षमता के अनुसार सहयोग देने का आग्रह किया।
कलेक्टर ने बताया कि जिले के शासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को नीट एवं जेईई की तैयारी के लिए कोचिंग प्रारंभ की गई है। इसके साथ ही संजय गांधी महाविद्यालय में विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने के लिए भी पहल की जा रही है। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों को और प्रभावी बनाने में अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन महत्वपूर्ण हो सकता है।
सेवानिवृत्त शिक्षकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सेवाकाल पूर्ण होने के बाद भी प्रशासन द्वारा उन्हें याद कर सम्मानित करना उनके लिए भावुक एवं सुखद अनुभव है। उन्होंने कहा कि उनके अनुभव को महत्व दिया जाना और विद्यार्थियों के हित में उसका उपयोग करने का अवसर मिलना उनके लिए विशेष संतोष की बात है। शिक्षकों ने जिले के विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य के लिए अपनी क्षमता के अनुसार सहयोग देने की इच्छा भी व्यक्त की।
कार्यक्रम में शिक्षकों ने अपने सेवाकाल के अनुभव, संस्मरण एवं शिक्षा व्यवस्था से जुड़े अपने सुझाव भी साझा किए। आयोजन का उद्देश्य केवल सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान करना नहीं, बल्कि उनके अनुभव एवं मार्गदर्शन को जिले की शैक्षणिक गतिविधियों से जोड़ना भी रहा।
What's Your Reaction?