सीधी को मेडिकल कॉलेज नहीं सिर्फ भूमि पूजन का झुनझुना थमा गई भाजपा, गरीब मरीजों की जिंदगी से आखिर कब तक होगा खिलवाड़ - प्रदीप सिंह दीपू

सीधी मेडिकल कॉलेज के निर्माण में देरी को लेकर कांग्रेस प्रवक्ता प्रदीप सिंह दीपू ने भाजपा सरकार पर सवाल उठाए। मुख्यमंत्री मोहन यादव से परियोजना की स्थिति और निर्माण की समय सीमा सार्वजनिक करने की मांग की।

Nov 1, 2026 - 18:28
 0  33
सीधी को मेडिकल कॉलेज नहीं सिर्फ भूमि पूजन का झुनझुना थमा गई भाजपा, गरीब मरीजों की जिंदगी से आखिर कब तक होगा खिलवाड़ - प्रदीप सिंह दीपू
सीधी मेडिकल कॉलेज पर कांग्रेस का भाजपा सरकार से सवाल, प्रदीप सिंह दीपू ने उठाई निर्माण की मांग

सीधी को मेडिकल कॉलेज नहीं सिर्फ भूमि पूजन का झुनझुना थमा गई भाजपा, गरीब मरीजों की जिंदगी से आखिर कब तक होगा खिलवाड़ - प्रदीप सिंह दीपू

सीधी की जनता को अब मेडिकल कॉलेज चाहिए, केवल भूमि पूजन का तमाशा नहीं -प्रदीप सिंह दीपू

सीधी। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संभागीय प्रवक्ता प्रदीप सिंह दीपू ने सीधी मेडिकल कॉलेज की बदहाल प्रगति को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विधानसभा चुनाव से ठीक पहले सीधी में मेडिकल कॉलेज का भव्य भूमि पूजन कर जनता को बड़े-बड़े सपने दिखाए थे। लेकिन विडंबना देखिए कि चुनाव बीत गया,भाजपा की फिर से सरकार भी बन गई, मगर सीधी की जनता का मेडिकल कॉलेज का सपना आज भी अधूरा है।    उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए कैबिनेट की मंजूरी और भूमि पूजन का प्रचार प्रसार करके भाजपा ने अपनी पीठ तो खूब थपथपाई, लेकिन सवाल यह है कि आखिर वह परियोजना जमीन पर क्यों नहीं उतरी? भूमि पूजन के बाद निर्माण कार्य में इतनी लंबी देरी क्यों हुई? क्या भाजपा सरकार के लिए विकास का अर्थ केवल चुनाव के समय नारियल फोड़ना, शिलान्यास करना और तस्वीरें खिंचवाना रह गया है? 

  प्रदीप सिंह दीपू ने कहा कि सीधी कोई सामान्य जिला नहीं है। यह आदिवासी बहुल और दूरस्थ ग्रामीण अंचलों वाला जिला है,जहां हजारों गरीब परिवार बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में परेशान है।गंभीर बीमारी, दुर्घटना और आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को रीवा और अन्य बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है।आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को इलाज के साथ आवा गमन का अतिरिक्त बोझ उठाना पड़ता है। ऐसे जिले में मेडिकल कॉलेज की जरूरत कोई राजनीतिक मांग नहीं बल्कि जनता के जीवन और स्वास्थ्य से जुड़ा बुनियादी अधिकार है। 

  उन्होंने सवाल उठाया कि जब सरकार ने मेडिकल कॉलेज की घोषणा की, कैबिनेट से मंजूरी दी और भूमि पूजन भी कर दिया तो फिर निर्माण की समय सीमा क्या थी? परियोजना की वर्तमान स्थिति क्या है? पीपीपी मॉडल के तहत चयन और निर्माण की प्रक्रिया कहां तक पहुंची है? सरकार जनता को तारीख सहित स्पष्ट जवाब क्यों नहीं देती? 

    प्रदीप सिंह दीपू ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से मांग की है कि सीधी मेडिकल कॉलेज की पूरी परियोजना की स्थिति सार्वजनिक की जाए, निर्माण में हुई देरी के कारण बताए जाएं और निर्माण प्रारंभ करने तथा मेडिकल कॉलेज को चालू करने की निश्चित समय सीमा घोषित की जाए।    उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को समझना चाहिए की मेडिकल कॉलेज किसी राजनीतिक दल की संपत्ति नहीं,बल्कि सीधी की जनता की आवश्यकता और आने वाली पीढियां का भविष्य है। कांग्रेस पार्टी जनहित के मुद्दे पर सरकार को जवाबदेह बनाएगी और सीधी की जनता की आवाज बुलंद करती रहेगी।    कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि अब सीधी की जनता को भूमि पूजन की तस्वीर नहीं, मेडिकल कॉलेज की इमारत चाहिए। चुनावी घोषणाएं नहीं,आधुनिक चिकित्सा सुविधा चाहिए।भाजपा सरकार बताएं की सीधी के लोगों को मेडिकल कॉलेज के लिए आखिर और कितना इंतजार करना पड़ेगा? उन्होंने कहा कि जनता को तारीख चाहिए बहाना नहीं। मेडिकल कॉलेज चाहिए केवल भूमि पूजन का तमाशा नहीं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Ravi Shukla रवि शुक्ला एक अनुभवी ग्राउंड रिपोर्टर हैं, दैनिक अखबारों और डिजिटल न्यूज़ मीडिया में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव है.रवि शुक्ला की मुख्य विशेषज्ञता हाइपर लोकल क्राइम, क्षेत्रीय राजनीति, प्रशासनिक,शिक्षा, फैसलों और ग्रामीण विषयों (खेती-किसानी) की ग्राउंड जीरो से तथ्यपरक रिपोर्टिंग करने में अच्छा अनुभव है।