सीधी में दिनदहाड़े कोर्ट के सामने महिला से कट्टा अड़ाकर लूट, CCTV में दिखे नकाबपोश

Aug 26, 2026 - 15:09
 0  28
सीधी में दिनदहाड़े कोर्ट के सामने महिला से कट्टा अड़ाकर लूट, CCTV  में दिखे नकाबपोश
CCTV में कैद बाइक सवार बदमाश

सीधी में दिनदहाड़े कोर्ट के सामने महिला से कट्टा अड़ाकर लूट, CCTV में दिखे नकाबपोश 

सीधी।

जिला मुख्यालय में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मंगलवार सुबह जिला न्यायालय जैसे संवेदनशील इलाके के सामने बाइक सवार बदमाशों ने 60 वर्षीय महिला को कट्टा अड़ाकर लूट लिया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। बदमाश महिला से सोने-चांदी के जेवर, मोबाइल और अन्य सामान लूटकर मौके से फरार हो गए।

मंदिर जा रही महिला को बनाया निशाना

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अर्जुन नगर निवासी 60 वर्षीय कमला सिंह, पति आनंद बहादुर सिंह, मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे घर से शास्त्री नगर स्थित मंदिर में पूजा करने पैदल जा रही थीं। इसी दौरान सर्किट हाउस मार्ग पर जिला न्यायालय के उत्तरी गेट के सामने शास्त्री नगर मोड़ के पास बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें निशाना बनाया।बताया जा रहा है कि एक युवक पहले बाइक से उतरकर महिला का पीछा करने लगा। सुनसान स्थान देखकर उसने महिला को रोका और बातचीत के बहाने उलझा लिया। इसी बीच दूसरा युवक भी बाइक लेकर वहां पहुंच गया।

कट्टा अड़ाकर उतरवाए जेवर

दोनों आरोपियों ने महिला को कट्टा अड़ाकर धमकाया और कान के बाले, दो अंगूठियां उतरवा लीं। इसके अलावा महिला का मोबाइल और टिफिन भी छीन लिया। वारदात के बाद दोनों आरोपी तेजी से मौके से फरार हो गए।

हेलमेट और कपड़े से ढका था चेहरा

बदमाशों ने हेलमेट पहन रखा था और चेहरे को कपड़े से ढका हुआ था, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। हालांकि पुलिस को कुछ सीसीटीवी फुटेज मिले हैं, जिनमें संदिग्ध बाइक सवार नजर आए हैं।

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, तलाश जारी

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और महिला से पूछताछ की। इसके बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया गया। पुलिस कलेक्ट्रेट तिराहा और कॉलेज क्षेत्र के कैमरों के आधार पर आरोपियों की लोकेशन और रूट ट्रेस करने में जुटी है।

टीआई ने दिया आश्वासन

थाना प्रभारी कोतवाली दिव्य प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज में कुछ संदिग्ध नजर आए हैं, जिनकी पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।दिनदहाड़े जिला न्यायालय के सामने हुई इस वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Ravi Shukla रवि शुक्ला एक अनुभवी ग्राउंड रिपोर्टर हैं, दैनिक अखबारों और डिजिटल न्यूज़ मीडिया में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव है.रवि शुक्ला की मुख्य विशेषज्ञता हाइपर लोकल क्राइम, क्षेत्रीय राजनीति, प्रशासनिक,शिक्षा, फैसलों और ग्रामीण विषयों (खेती-किसानी) की ग्राउंड जीरो से तथ्यपरक रिपोर्टिंग करने में अच्छा अनुभव है।