MP: युवक से संबंध बनाने से इनकार पर छात्रा को सहेलियों ने बंधक बनाकर लात घूसों से हमला, वीडियो वायरल
मध्य प्रदेश में छात्रा को संबंध बनाने से इनकार करने पर चार छात्राओं ने बंधक बनाकर पीटा। वीडियो वायरल होने के 38 दिन बाद पुलिस ने केस दर्ज किया।
MP: युवक से संबंध बनाने से इनकार पर छात्रा को सहेलियों ने बंधक बनाकर लात घूसों से हमला, वीडियो वायरल
सतना (मध्य प्रदेश)। जिले में छात्राओं के बीच हिंसा और दबाव का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक छात्रा को कथित तौर पर युवक से संबंध बनाने से इनकार करने की कीमत चुकानी पड़ी। आरोप है कि उसकी ही सहेलियों ने उसे सुनसान स्थान पर ले जाकर बंधक बनाया, बेरहमी से मारपीट की और घटना का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। इतना ही नहीं, मारपीट के दौरान छात्रा से वीडियो कॉल पर युवक से माफी भी मंगवाई गई।
बाजार ले जाने के बहाने रची साजिश
जानकारी के मुताबिक, 6 अगस्त को आरोपी छात्रा पीड़िता को बाजार ले जाने का झांसा देकर स्कूटी पर अपने साथ ले गई। शहर में घुमाने के बाद वह उसे उतैली स्थित ‘नगर वन’ के पास सुनसान इलाके में ले पहुंची, जहां पहले से तीन अन्य युवतियां मौजूद थीं। सभी ने चेहरे ढंक रखे थे।
घेरकर की बेरहमी से पिटाई
सुनसान जगह पहुंचते ही चारों छात्राओं ने पीड़िता को घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए डंडे और लात-घूंसों से हमला कर दिया। आरोप है कि एक युवती ने पीड़िता के आंख और कान के पास डंडे से वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इस दौरान एक आरोपी ने पूरी घटना का वीडियो भी रिकॉर्ड किया।
वीडियो कॉल पर मंगवाई माफी
पीड़िता के अनुसार, मारपीट के दौरान आरोपियों ने उस पर युवक की बात मानने का दबाव बनाया। उन्होंने छात्रा को धमकाते हुए उसी युवक को वीडियो कॉल कराया और जबरन माफी मंगवाई। डर और दबाव में आकर छात्रा को हामी भरनी पड़ी।
सेमरिया चौक पर छोड़कर फरार
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी छात्राएं पीड़िता को सेमरिया चौक पर छोड़कर फरार हो गईं। घटना के बाद पीड़िता दहशत में रही और परिजनों को इसकी जानकारी नहीं दे सकी।
38 दिन बाद खुला मामला
बताया जा रहा है कि पीड़िता की मां की तबीयत खराब थी और पिता बाहर थे, जिसके कारण वह चुप रही। करीब 38 दिन बाद जब मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ और परिजनों तक पहुंचा, तब मामले का खुलासा हुआ। परिजन छात्रा को लेकर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी के अनुसार, वायरल वीडियो का तकनीकी परीक्षण कराने के बाद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है।
सोशल मीडिया पर आक्रोश
घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों में भारी आक्रोश है। इस घटना ने युवाओं में बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति और नैतिक गिरावट को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Source: NBT
What's Your Reaction?