सीधी कलेक्टर विकास मिश्रा ने कन्या आश्रम का किया आकस्मिक निरीक्षण
सीधी कलेक्टर विकास मिश्रा ने कन्या आश्रम का किया आकस्मिक निरीक्षण
सीधी। कलेक्टर विकास मिश्रा ने रविवार को आदिवासी कन्या आश्रम शाला गांधी ग्राम का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई और सामान्य ज्ञान की जानकारी ली। कलेक्टर ने छात्राओं से सामान्य ज्ञान से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका सही उत्तर देने वाली छात्राओं को पेन एवं पुस्तक देकर पुरस्कृत किया।
कलेक्टर ने छात्राओं का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें अपने हाथों से मिठाई एवं नाश्ता भी परोसा। उन्होंने छात्राओं से कहा कि वे पूरी लगन और तन्मयता के साथ पढ़ाई करें। उन्होंने यह भी कहा कि वे नियमित रूप से छात्राओं के बीच आकर आश्रम शाला की व्यवस्थाओं और उनकी पढ़ाई की स्थिति का जायजा लेते रहेंगे। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने छात्रावास की स्वच्छता, भोजन व्यवस्था, छात्राओं की उपस्थिति एवं अनुशासन, शैक्षणिक गतिविधियों, स्वास्थ्य-सुरक्षा तथा अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। व्यवस्थाएं बेहतर पाए जाने पर उन्होंने अधीक्षिका कांति वर्मा के प्रबंधन की सराहना की।
छात्रावास में 95 प्रतिशत छात्र उपस्थिति, मेन्यू के अनुसार भोजन व्यवस्था, नियमित शैक्षणिक गतिविधियां, स्वच्छता एवं अनुशासन के साथ बागवानी, योग और सांस्कृतिक गतिविधियां संचालित पाई गईं। निरीक्षण में शिकायतों की स्थिति भी शून्य पाई गई।
कलेक्टर ने उत्कृष्ट व्यवस्थाओं को प्रोत्साहित करने के लिए अधीक्षिका कांति वर्मा को ‘बेस्ट मैनेजमेंटदृबेस्ट स्टार ऑफ द मंथ’ सम्मान के लिए चयनित करने के निर्देश दिए। संबंधित विभाग को उन्हें 28 सितंबर को कलेक्ट्रेट सभागार में सम्मानित किए जाने के लिए आमंत्रित करने को कहा गया। निरीक्षण के दौरान सहायक परियोजना प्रशासक पी.के. पाण्डेय, मंडल संयोजक संजय सिंह, अधीक्षिका कांति वर्मा, आश्रम शाला के कर्मचारी एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।
What's Your Reaction?