मझौली में कलेक्टर विकास मिश्रा ने बैठक में दिए निर्देश,17 से शुरू होगा निःशुल्क रजिस्ट्री महाअभियान

मझौली में कलेक्टर विकास मिश्रा ने बैठक लेकर 17 सितंबर से शुरू होने वाले निःशुल्क रजिस्ट्री महाअभियान की तैयारियों के निर्देश दिए, जानें पूरी खबर।

Sep 12, 2026 - 21:21
 0  195
मझौली में कलेक्टर विकास मिश्रा ने बैठक में दिए निर्देश,17 से शुरू होगा निःशुल्क रजिस्ट्री महाअभियान
Swamitva Yojana Sidhi ,MP: अब फ्री में होगी जमीन की रजिस्ट्री, 17 सितंबर से अभियान शुरू

Sidhi,Majhouli News: मझौली में कलेक्टर विकास मिश्रा ने बैठक में दिए निर्देश,17 से शुरू होगा निःशुल्क रजिस्ट्री महाअभियान

मझौली । स्वामित्व योजना के तहत आबादी भूमि के हितग्राहियों के अधिकार अभिलेखों की निःशुल्क रजिस्ट्री के लिए 17 सितंबर से प्रारंभ होने वाले महाअभियान की तैयारियों को लेकर कलेक्टर विकास मिश्रा ने आज मझौली में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए ग्राम स्तर तक समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा पात्र हितग्राहियों को अभियान का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। बैठक में पंजीयन प्रक्रिया को सरल एवं सुगम बनाने के साथ हितग्राहियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने देने पर विशेष जोर दिया गया।

  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप मध्यप्रदेश शासन की स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन योजना-2026 के तहत जिले के ग्रामीण आबादी क्षेत्रों में स्वामित्व योजना से लाभान्वित हितग्राहियों के अधिकार अभिलेखों की निःशुल्क रजिस्ट्री की जाएगी। रजिस्ट्री के लिए हितग्राहियों को स्टाम्प ड्यूटी एवं पंजीयन शुल्क का भुगतान नहीं करना होगा। पंजीयन पर होने वाला व्यय राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाएगा।

 बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के दौरान ग्रामीणों को पंजीयन के लिए दूर स्थित कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और ग्राम स्तर पर ही आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए। पटवारी हितग्राहियों से संपर्क कर आवश्यक दस्तावेजों एवं पंजीयन संबंधी प्रक्रिया पूरी कराने में सहयोग करेंगे। तहसीलदार एवं नायब तहसीलदारों को उप-पंजीयक के अधिकार प्रदान किए गए हैं, जिससे तहसील स्तर पर ही पंजीयन की प्रक्रिया को गति दी जा सकेगी।

  स्वामित्व योजना के तहत ग्रामीण आबादी क्षेत्रों में ड्रोन सर्वे के माध्यम से भूमि एवं संपत्तियों का डिजिटल मानचित्रण कर अधिकार अभिलेख तैयार किए गए हैं तथा हितग्राहियों को संपत्ति पत्रक वितरित किए गए हैं। अब इन अधिकार अभिलेखों की विधिवत रजिस्ट्री की जाएगी। पंजीकृत दस्तावेज मिलने से ग्रामीणों को अपनी संपत्ति के स्वामित्व का मजबूत कानूनी आधार प्राप्त होगा। इसके माध्यम से बैंक से ऋण प्राप्त करने में सुविधा होगी तथा संपत्ति संबंधी विवादों में कमी आने की भी उम्मीद है।

 कलेक्टर ने अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश देते हुए कहा कि पात्र हितग्राहियों को योजना की जानकारी समय पर उपलब्ध कराई जाए और उन्हें रजिस्ट्री की प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिया जाए। अधिकारियों को अभियान के दौरान प्राप्त होने वाली समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने के भी निर्देश दिए गए।

 बैठक में उपखंड अधिकारी मझौली आकाश अग्रवाल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मझौली सुरभि श्रीवास्तव, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, पटवारी, पंचायत सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक उपस्थित रहे।

 प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे 17 सितंबर से प्रारंभ होने वाले महाअभियान में संबंधित राजस्व अधिकारियों से संपर्क कर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं और अपनी आबादी भूमि के अधिकार अभिलेख की निःशुल्क रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूर्ण कराएं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Ravi Shukla रवि शुक्ला एक अनुभवी ग्राउंड रिपोर्टर हैं, दैनिक अखबारों और डिजिटल न्यूज़ मीडिया में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव है.रवि शुक्ला की मुख्य विशेषज्ञता हाइपर लोकल क्राइम, क्षेत्रीय राजनीति, प्रशासनिक,शिक्षा, फैसलों और ग्रामीण विषयों (खेती-किसानी) की ग्राउंड जीरो से तथ्यपरक रिपोर्टिंग करने में अच्छा अनुभव है।