नवीन बस स्टैंड का सीधी कलेक्टर ने किया निरीक्षण,यात्री सुविधाओं, फुटकर व्यापारियों की व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश

सीधी कलेक्टर विकास मिश्रा ने नवीन बस स्टैंड का निरीक्षण किया। यात्रियों की सुविधा, साइनेज बोर्ड, फुटकर व्यापारियों के लिए स्थान, आपातकालीन नंबर, साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए।

Oct 4, 2026 - 21:16
 0  62
नवीन बस स्टैंड का सीधी कलेक्टर ने किया निरीक्षण,यात्री सुविधाओं, फुटकर व्यापारियों की व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश
सीधी कलेक्टर विकास मिश्रा बस स्टैंड का निरीक्षण करते हुए

नवीन बस स्टैंड का सीधी कलेक्टर ने किया निरीक्षण,यात्री सुविधाओं, फुटकर व्यापारियों की व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश

सीधी। कलेक्टर विकास मिश्रा ने नवीन बस स्टैंड का निरीक्षण कर वहां संचालित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यात्रियों एवं आम नागरिकों की सुविधा, फुटकर व्यापारियों के व्यवस्थित पुनर्वास तथा आपातकालीन सेवाओं की जानकारी को सुगम बनाने के संबंध में नगर पालिका परिषद को आवश्यक निर्देश दिए।

कलेक्टर ने नवीन बस स्टैंड परिसर में यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यकतानुसार दिशा-सूचक एवं सूचना संबंधी साइनेज बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि साइनेज बोर्ड पर बसों के आवागमन, प्लेटफॉर्म, प्रवेश-निकास, पार्किंग, शौचालय, पेयजल, टिकट काउंटर सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की स्पष्ट जानकारी प्रदर्शित की जाए, जिससे यात्रियों को परिसर में आवागमन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

 उन्होंने बस स्टैंड परिसर में फुटकर व्यापारियों एवं ठेला व्यवसायियों के लिए चिन्हित स्थलों पर नियमानुसार स्थान आवंटित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि फुटकर व्यापारियों की गतिविधियों से यात्रियों के आवागमन, बसों के संचालन एवं यातायात व्यवस्था में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। इसके लिए निर्धारित स्थानों पर व्यवस्थित रूप से व्यवसाय संचालन सुनिश्चित किया जाए।

 निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बस स्टैंड परिसर में प्रदर्शित आपातकालीन संपर्क नंबर के बोर्ड का आकार बढ़ाकर उसे पर्याप्त बड़ा एवं स्पष्ट करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपात स्थिति में यात्रियों एवं आम नागरिकों को आवश्यक संपर्क नंबर दूर से ही आसानी से दिखाई दें, इसके लिए बोर्ड प्रमुख स्थान पर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया जाए।  कलेक्टर ने बस स्टैंड परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग तथा यात्रियों के लिए उपलब्ध अन्य मूलभूत सुविधाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नवीन बस स्टैंड में व्यवस्थाएं यात्रियों की सुविधा और सुचारु यातायात को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थित रूप से संचालित हों।

 उल्लेखनीय है कि 1 अक्टूबर से पुराने बस स्टैंड का संचालन बंद कर वहां से संचालित बसों का भी नवीन बस स्टैंड से संचालन प्रारंभ किया गया है। पुराने बस स्टैंड क्षेत्र को अस्थायी रूप से श्रमिक चौक के रूप में उपयोग किए जाने की व्यवस्था की गई है। इसको दृष्टिगत रखते हुए नवीन बस स्टैंड में यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।

निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी गोपद बनास प्रिया पाठक, तहसीलदार राकेश शुक्ला, मुख्य नगर पालिका अधिकारी महमूद हसन सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Ravi Shukla रवि शुक्ला एक अनुभवी ग्राउंड रिपोर्टर हैं, दैनिक अखबारों और डिजिटल न्यूज़ मीडिया में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव है.रवि शुक्ला की मुख्य विशेषज्ञता हाइपर लोकल क्राइम, क्षेत्रीय राजनीति, प्रशासनिक,शिक्षा, फैसलों और ग्रामीण विषयों (खेती-किसानी) की ग्राउंड जीरो से तथ्यपरक रिपोर्टिंग करने में अच्छा अनुभव है।