छुहिया घाटी कांड: तीसरे आरोपी से पूछताछ में हुआ खुलासा, आदित्य मिश्रा को छुड़ाने में इस्तेमाल वाहन बरामद
सीधी के छुहिया घाटी कांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आरोपी संजय पटेल से पूछताछ के बाद टाटा हैरियर वाहन जब्त किया गया। घटना में इस्तेमाल 4 में से 3 वाहन बरामद, अन्य आरोपियों की तलाश जारी।
छुहिया घाटी कांड: तीसरे आरोपी से पूछताछ में हुआ खुलासा, आदित्य मिश्रा को छुड़ाने में इस्तेमाल वाहन बरामद
सीधी। छुहिया घाटी कांड में सीधी पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। उड़ीसा पुलिस दल पर हमला कर पुलिस अभिरक्षा से बंदी आदित्य मिश्रा को छुड़ाकर ले जाने के मामले में पुलिस ने घटना में प्रयुक्त टाटा हैरियर वाहन बरामद कर जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपी संजय पटेल से पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर यह कार्रवाई की गई। घटना में इस्तेमाल किए गए चार वाहनों में से अब तक तीन वाहन जब्त किए जा चुके हैं।
पुलिस का रास्ता रोकने में इस्तेमाल हुआ था वाहन
पुलिस के अनुसार, प्रकरण में 30 हजार रुपये के इनामी आरोपी संजय पटेल को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने टाटा हैरियर वाहन बरामद किया।
विवेचना में सामने आया है कि छुहिया घाटी कांड के दौरान इसी वाहन से उड़ीसा पुलिस के वाहन का रास्ता रोका गया था। इसके बाद बंदी आदित्य मिश्रा को पुलिस अभिरक्षा से छुड़ाकर ले जाया गया था। घटना के बाद आदित्य मिश्रा इसी टाटा हैरियर वाहन से फरार हुआ था।
चार में से तीन वाहन बरामद, एक की तलाश जारी
छुहिया घाटी कांड में आरोपियों ने घटना के दौरान चार वाहनों का इस्तेमाल किया था। पुलिस अब तक तीन वाहनों को जब्त कर चुकी है। शेष वाहन की बरामदगी के साथ ही मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। पुलिस मामले की विवेचना में जुटी हुई है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
इस मामले में कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत के निर्देशन, उप पुलिस महानिरीक्षक रीवा रेंज हेमंत चौहान के मार्गदर्शन तथा सीधी पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के नेतृत्व में की जा रही है।
प्रकरण विवरण: यह मामला रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र में अपराध क्रमांक 1000/2026 के तहत दर्ज है। प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?