बिजली चोरी रोकने के लिए ऐप लॉन्च, सूचना देने वालों को मिलेगा इनाम,DBT के जरिए सीधे खाते में पहुंचेगी राशि
MP Electricity Theft Complaint App: मध्य प्रदेश में बिजली चोरी रोकने के लिए विभाग ने App लॉन्च किया गया है। अब उपभोक्ता चोरी की शिकायत कर दो सकेंगे और सूचना देने वालों को इनाम मिलेगा।
बिजली चोरी रोकने के लिए ऐप लॉन्च, सूचना देने वालों को मिलेगा इनाम,DBT के जरिए सीधे खाते में पहुंचेगी राशि
आगर मालवा।मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने बिजली चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने और उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से “V Connect Mobile” एप्लीकेशन लॉन्च किया है। इस ऐप के माध्यम से आम नागरिक अब बिजली चोरी से जुड़ी शिकायतें सीधे दर्ज कर सकेंगे।
अधीक्षण यंत्री रत्नेश अयाची ने बताया कि इस योजना के तहत शिकायतकर्ता को सबसे पहले गूगल प्ले स्टोर से “V Connect Mobile App” डाउनलोड करना होगा। मोबाइल नंबर के माध्यम से OTP वेरिफिकेशन के बाद प्रोफाइल पूरी करनी होगी, जिसमें नाम, पता और बैंक खाते की जानकारी दर्ज करनी अनिवार्य है।
ऐप के जरिए उपभोक्ता विभिन्न प्रकार की अनियमितताओं की शिकायत दर्ज करा सकते हैं, जिनमें स्वीकृत श्रेणी से अलग उपयोग, मीटर छेड़छाड़ या बायपास, अनाधिकृत विस्तार, डायरेक्ट हुकिंग, अवैध कनेक्शन, कनेक्शन कटने के बाद अवैध उपयोग तथा गलत मीटर रीडिंग जैसी शिकायतें शामिल हैं।
अधीक्षण यंत्री ने बताया कि शिकायत की पुष्टि और जांच के बाद यदि प्रकरण में 10 हजार रुपये या उससे अधिक की राशि आंकी जाती है, तो सूचनादाता को पारितोषिक दिया जाएगा। विभिन्न मामलों में 100 रुपये से लेकर 500 रुपये तक प्रति सूचना के हिसाब से इनाम निर्धारित किया गया है। यह राशि DBT के माध्यम से सीधे शिकायतकर्ता के बैंक खाते में जमा की जाएगी।
उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि बिजली चोरी की सूचना देते समय व्हाट्सएप नंबर 8989898240 पर संबंधित फोटो भी भेजें, ताकि विभाग को जांच में सहायता मिल सके। साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
बिजली कंपनी ने नागरिकों से इस पहल में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा है कि इससे न केवल चोरी पर रोक लगेगी, बल्कि ईमानदार उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति भी सुनिश्चित हो सकेगी।
What's Your Reaction?