गोपद नदी में अवैध रेत परिवहन करते दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त,पुलिस को देखकर वाहन छोड़कर फरार हुए चालक
सीधी जिले के कुसमी में गुड़वाधार स्थित गोपद नदी से अवैध रेत परिवहन करते दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त। पुलिस को देखकर चालक फरार, ₹9.06 लाख का मशरूका जब्त, BNS और खनिज अधिनियम के तहत मामला दर्ज।
गोपद नदी में अवैध रेत परिवहन करते दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त,पुलिस को देखकर वाहन छोड़कर फरार हुए चालक
कुसमी। जिले में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुसमी पुलिस ने ग्राम गुड़वाधार स्थित गोपद नदी से रेत परिवहन में लगे दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए हैं। जब्त वाहनों और रेत की कुल कीमत करीब 9 लाख 6 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस को देखकर दोनों ट्रैक्टरों के चालक मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर नदी किनारे पहुंची पुलिस
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुसमी पुलिस के उपनिरीक्षक प्रकाश नारायण रावत आरक्षक दिनकर दुबे के साथ क्षेत्र भ्रमण, विवेचना एवं नवरात्रि ड्यूटी के दौरान ग्राम टमसार पहुंचे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम गुड़वाधार स्थित गोपद नदी में कुछ ट्रैक्टरों से अवैध रूप से रेत का उत्खनन एवं परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां दो ट्रैक्टरों में मजदूर रेत भर रहे थे। पुलिस को देखते ही दोनों ट्रैक्टरों के चालक वाहन लेकर भागने लगे। बताया गया कि चालकों ने पकड़े जाने के डर से ट्रॉली में भरी रेत खाली करने का भी प्रयास किया। पुलिस की घेराबंदी के दौरान दोनों चालक वाहन छोड़कर फरार हो गए।
दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, दस्तावेज नहीं मिले
मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुटने और विवाद की आशंका को देखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त बल बुलाया। इसके बाद वाहनों की जांच की गई, जिसमें रेत परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिले। पुलिस दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त कर थाने ले आई। जब्त वाहनों में पहला नीले रंग का फार्मट्रैक-39 ट्रैक्टर क्रमांक MP 53 AB 0350 है, जिसकी ट्रॉली में आधी ट्रॉली रेत लोड थी। वाहन एवं ट्रॉली की अनुमानित कीमत 4 लाख रुपये और रेत की कीमत 3 हजार रुपये आंकी गई है। इसकी कुल कीमत 4 लाख 3 हजार रुपये बताई गई है। वहीं, दूसरा लाल रंग का महिंद्रा 275 डीआई ट्रैक्टर बिना रजिस्ट्रेशन नंबर के मिला। इसकी ट्रॉली में भी आधी ट्रॉली रेत लोड थी। ट्रैक्टर एवं ट्रॉली की कीमत 5 लाख रुपये तथा रेत की कीमत 3 हजार रुपये आंकी गई है। इस वाहन सहित कुल कीमत 5 लाख 3 हजार रुपये बताई गई है। इस प्रकार दोनों वाहनों और रेत सहित कुल 9 लाख 6 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया गया।
अज्ञात चालकों के खिलाफ अपराध दर्ज
पुलिस ने अवैध रेत चोरी एवं परिवहन के मामले में दोनों ट्रैक्टरों के अज्ञात चालकों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2), 317(3) तथा खान एवं खनिज अधिनियम की धारा 4/21 के तहत पृथक-पृथक अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। फरार चालकों की तलाश जारी है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा कुसमी थाना प्रभारी अरुणा द्विवेदी के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस द्वारा अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के मामलों में आगे भी कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।
What's Your Reaction?