MP Weather Update: विदाई से पहले मानसून का फिर बदला मिजाज, 25-26 सितंबर को भारी बारिश का अलर्ट
MP Weather Update: विदाई से पहले मानसून का फिर बदला मिजाज, 25-26 सितंबर को भारी बारिश का अलर्ट
भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई से ठीक पहले मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। बंगाल की खाड़ी में बने अवदाब (लो-प्रेशर सिस्टम) के प्रभाव से प्रदेश में बारिश का नया दौर शुरू होने जा रहा है। मौसम विभाग ने 25 और 26 सितंबर को खासतौर पर पूर्वी मध्य प्रदेश के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
गुरुवार को छतरपुर, पन्ना, सतना, उमरिया, शहडोल, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी और छिंदवाड़ा में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर सहित कई अन्य जिलों में भी कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
25-26 सितंबर को सिस्टम रहेगा ज्यादा सक्रिय
भोपाल मौसम केंद्र के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बना अवदाब अगले 24 घंटे में और मजबूत होगा। इसके प्रभाव से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। 25 और 26 सितंबर को इसका सबसे ज्यादा असर पूर्वी मध्य प्रदेश में देखने को मिलेगा, जहां कुछ स्थानों पर अति भारी बारिश हो सकती है।
मानसून की विदाई में अब कुछ ही दिन बाकी
मध्य प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून का सामान्य समय 1 जून से 30 सितंबर तक रहता है। ऐसे में मानसून के लौटने में अब सिर्फ करीब 6 दिन बचे हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि सितंबर के आखिरी सप्ताह से प्रदेश में मानसून की वापसी शुरू हो सकती है। राजस्थान के कुछ हिस्सों से मानसून लौट भी चुका है।
पहले भी बरसे बादल
नए सिस्टम से पहले बुधवार को भी प्रदेश के कई जिलों में बारिश हुई। भोपाल में रुक-रुककर बारिश होती रही, वहीं नर्मदापुरम के इटारसी में तेज बारिश दर्ज की गई। खरगोन में तेज बारिश के चलते अनाज मंडी में रखा करीब 200 क्विंटल मक्का भीग गया। खंडवा और टीकमगढ़ समेत कई इलाकों में भी अच्छी बारिश हुई।
बारिश का आंकड़ा अब भी सामान्य से कम
प्रदेश में इस मानसून सीजन में अब तक 870.5 मिमी (करीब 34.3 इंच) बारिश दर्ज की गई है, जबकि सामान्य औसत 931.7 मिमी (36.7 इंच) है। यानी इस बार अब तक करीब 2.4 इंच कम बारिश हुई है, जो सामान्य से लगभग 7 प्रतिशत कम है।
23 जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश
हालांकि क्षेत्रीय स्तर पर अंतर साफ है। पूर्वी मध्य प्रदेश में बारिश सामान्य से केवल 2% कम है, जबकि पश्चिमी हिस्से में यह कमी करीब 11% है। वहीं अनूपपुर, छतरपुर, मैहर, मऊगंज, निवाड़ी, पन्ना, सतना, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, टीकमगढ़ और उमरिया सहित 23 जिलों में अब तक सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है।
What's Your Reaction?