सड़क नहीं बनी तो यूट्यूबर लीला साहू का फिर फूटा गुस्सा: चुरहट विधायक पर जताई नाराजगी, धौहनी विधायक की सराहना
सीधी की यूट्यूबर लीला साहू ने सड़क नहीं बनने पर चुरहट विधायक पर तंज कसा, धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम की सराहना की, वीडियो वायरल।
सड़क नहीं बनी तो यूट्यूबर लीला साहू का फिर फूटा गुस्सा: चुरहट विधायक पर जताई नाराजगी, धौहनी विधायक की सराहना
सीधी,रवि शुक्ला
जिले के चुरहट और धौहनी विधानसभा क्षेत्र को जोड़ने वाली सड़क एक बार फिर सुर्खियों में है। चर्चित यूट्यूबर लीला साहू ने अपने गांव की सड़क नहीं बनने पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों पर नाराजगी जताई है। खड्डी खुर्द क्षेत्र की निवासी लीला साहू ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर साफ कहा कि दो साल से लगातार आवाज उठाने के बावजूद उनके गांव तक सड़क निर्माण अब तक शुरू नहीं हो सका है।
धौहनी विधायक की सराहना
लीला साहू ने बताया कि ग्राम पंचायत गंजरी (धौहनी विधानसभा) से ग्राम पंचायत खड्डी खुर्द (बगैहा टोला, चुरहट विधानसभा) तक लगभग 10.50 किलोमीटर लंबी सड़क का मुद्दा लंबे समय से लंबित है। वर्ष 2024 से लगातार आंदोलन और आवाज उठाने के बाद सड़क निर्माण का काम शुरू तो हुआ, लेकिन केवल आधे हिस्से में ही कार्य हुआ, जो धौहनी विधानसभा क्षेत्र में आता है। इस हिस्से के लिए उन्होंने धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम की सराहना की।
चुरहट विधायक पर नाराजगी
वहीं, अपने क्षेत्र चुरहट विधानसभा में सड़क स्वीकृत नहीं होने पर उन्होंने कांग्रेस विधायक अजय सिंह ‘राहुल भैया’ पर नाराजगी जताते हुए कहा कि उनके गांव की सड़क अब तक फाइलों में ही अटकी हुई है। लीला ने आरोप लगाया कि सांसद, विधायक और अधिकारियों ने बार-बार आश्वासन देकर लोगों को गुमराह किया, लेकिन जमीनी स्तर पर काम नहीं हुआ। हम वर्ष 2024 से लगातार सड़क की माँग कर रहे हैं अब वर्ष 2026 लग चुका है 2 वर्ष के बाद भी सड़क का निर्माण नहीं हुआ है।
संघर्ष जारी रखने की चेतावनी
लीला साहू ने स्पष्ट कहा कि अब हम और गांव के लोग पीछे हटने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा, “हम पिछले दो साल से आवेदन और निवेदन कर रहे हैं, लेकिन अब हम संघर्ष करेंगे। जब तक हमारे गांव तक सड़क नहीं बन जाती, हम हार नहीं मानेंगे।” उन्होंने यह भी कहा कि हम और गांव लोगों ने काफी अपमान सहा है और अब वे अपने हक के लिए हर संभव लड़ाई लड़ेंगे।गौरतलब है कि इससे पहले भी लीला साहू सड़क निर्माण को लेकर प्रदेश और देशभर में चर्चा में रह चुकी हैं। उनके आंदोलन के दौरान राष्ट्रीय मीडिया तक ने इस मुद्दे को उठाया था, जिसके बाद जनप्रतिनिधियों ने जल्द सड़क निर्माण का आश्वासन दिया था। हालांकि, अब तक पूरा कार्य नहीं होने से एक बार फिर यह मामला गर्मा गया है।
What's Your Reaction?