सीधी: नवरात्रि में मन्नत पूरी करने युवक ने दुर्गा पंडाल में काटी जीभ! 12 घंटे बाद आया होश, VIDEO वायरल
सीधी: नवरात्रि में मन्नत पूरी करने युवक ने दुर्गा पंडाल में काटी जीभ! 12 घंटे बाद आया होश, VIDEO वायरल
सीधी। मध्य प्रदेश के सीधी जिले के रामगढ़ गांव में नवरात्रि पर्व के दौरान एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। जहां एक ओर देवी आराधना, पूजा-पाठ और भजन-कीर्तन का दौर चल रहा है, वहीं दूसरी ओर एक युवक द्वारा मन्नत पूरी करने के लिए दुर्गा पंडाल में अपनी जीभ काटने की घटना चर्चा का विषय बन गई है। बताया जा रहा है कि घटना के करीब 12 घंटे बाद युवक को होश आ गया और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव निवासी पुष्पेंद्र जायसवाल ने अपनी मन्नत पूरी करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक सफेद रंग की बनियान पहने खड़ा दिखाई दे रहा है। वीडियो में एक अन्य युवक ब्लेड से उसकी जीभ काटता हुआ नजर आ रहा है।
जीभ कटने के बाद बेहोश हुआ युवक
बताया जा रहा है कि जीभ कटने के बाद पुष्पेंद्र मौके पर ही बेहोश हो गया। घटना के बाद वहां मौजूद स्थानीय लोग देवी गीत गाने लगे। जानकारी के मुताबिक, करीब 12 घंटे बाद युवक को होश आया। उसकी हालत स्थिर होने की बात सामने आई है।
घटना को लेकर इलाके में चर्चा
नवरात्रि जैसे धार्मिक पर्व के दौरान सामने आई इस घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोग इस मामले की जानकारी साझा कर रहे हैं। हालांकि, युवक ने किस मन्नत के लिए यह कदम उठाया और घटना के बाद उसे किस प्रकार का उपचार दिया गया, इस संबंध में विस्तृत एवं आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।