सीधी में भीषण आग से तीन दुकानें जलाकर खाक, मचा अफरा तफरी, सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने लिया जायजा
सीधी में भीषण आग से तीन दुकानें जलाकर खाक, मचा अफरा तफरी, सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने लिया जायजा
सीधी। मध्य प्रदेश के सीधी शहर में गांधी चौराहे के सामने स्थित पार्किंग स्थल के समीप चौपाटी में भीषण आग लगने से तीन दुकानों को भारी नुकसान पहुंचा है। आग की घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। इस घटना में दुकानदार देवेंद्र कुमार सोनी, सत्यनारायण भुजवा और राहुल सिंह की दुकानों को नुकसान पहुंचा है। आग की चपेट में आने से दुकानों में रखा सामान जलकर खाक हो गया, जिससे प्रभावित व्यापारियों को आर्थिक क्षति हुई है।
घटनास्थल पर पहुंचे सांसद डॉ. राजेश मिश्रा
घटना की जानकारी मिलने के बाद सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित व्यापारियों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और नुकसान के संबंध में चर्चा की। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को प्रभावित दुकानदारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने तथा घटना की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सांसद ने सोशल मीडिया पर जताया दुख
सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से घटना पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में देवेंद्र कुमार सोनी, सत्यनारायण भुजवा और राहुल सिंह की दुकानों में आग लगने से भारी क्षति हुई है। इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं सभी प्रभावित दुकानदारों के साथ हैं। उन्होंने प्रभावित व्यापारियों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने और मामले में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात भी कही।
आग की घटना से व्यापारियों को नुकसान
गांधी चौराहे के समीप चौपाटी में हुई इस घटना के बाद प्रभावित दुकानदारों के सामने आजीविका और आर्थिक नुकसान की चुनौती खड़ी हो गई है।
What's Your Reaction?