सीधी जिले में नशीली कफ सिरप के साथ ग्राम पंचायत सचिव गिरफ्तार, वाहन भी जब्त

Oct 1, 2026 - 12:23
 0  126
सीधी जिले में नशीली कफ सिरप के साथ ग्राम पंचायत सचिव गिरफ्तार, वाहन भी जब्त
Sidhi: नशीली कप सिरप के साथ ग्राम पंचायत सचिव गिरफ्तार

सीधी जिले में नशीली कफ सिरप के साथ ग्राम पंचायत सचिव गिरफ्तार, वाहन भी जब्त

सीधी। नशीली कफ सिरप के अवैध परिवहन और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जमोड़ी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत खैरा, जनपद पंचायत सिहावल के सचिव संदीप त्रिपाठी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हाउसिंग बोर्ड स्थित हीरो होंडा एजेंसी के पीछे खड़ी बोलेरो से 12 शीशी कोडिनयुक्त ऑनरेक्स कफ सिरप बरामद की है। बरामद सिरप की कीमत 2,418 रुपये बताई गई है। पुलिस ने परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो वाहन क्रमांक एमपी 19 टी 2528 भी जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये है।

मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस

पुलिस के अनुसार 28 सितंबर 2026 की रात करीब 8.25 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि हाउसिंग बोर्ड स्थित हीरो होंडा एजेंसी के पीछे एक बोलेरो में नशीली कफ सिरप बिक्री के लिए छिपाकर रखी गई है। सूचना की तस्दीक के बाद जमोड़ी पुलिस टीम स्वतंत्र गवाहों के साथ मौके पर पहुंची।मौके पर पुलिस को काले रंग की बोलेरो खड़ी मिली, जिसमें एक व्यक्ति बैठा हुआ था। पुलिस को देखकर उसने वाहन स्टार्ट कर मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने उसे रोक लिया। पूछताछ में उसकी पहचान संदीप त्रिपाठी पिता स्व. राधाकृष्ण त्रिपाठी, उम्र 42 वर्ष, निवासी जोगीकोठार, थाना बहरी, जिला सीधी के रूप में हुई।

झोले से मिलीं 12 शीशी

पुलिस के मुताबिक संदीप त्रिपाठी ग्राम पंचायत खैरा, जनपद पंचायत सिहावल में सचिव के पद पर पदस्थ है। तलाशी के दौरान बोलेरो की बीच वाली सीट में रखे एक झोले से ऑनरेक्स कफ सिरप की 12 शीशियां बरामद हुईं। सिरप रखने और उसके परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी द्वारा कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया।

हर 5 एमएल में 10 मिलीग्राम कोडिन

पुलिस ने बताया कि बरामद कफ सिरप विंग्स बायोटेक एलएलपी, औद्योगिक क्षेत्र बद्दी, हिमाचल प्रदेश में निर्मित है। शीशियों पर कोडिन फास्फेट एवं ट्रिप्रोलिडिन हाइड्रोक्लोराइड सिरप अंकित है। प्रत्येक शीशी 100 मिलीलीटर की है और लेबल के अनुसार प्रत्येक 5 मिलीलीटर में 10 मिलीग्राम कोडिन फास्फेट दर्ज है। सभी शीशियों पर बैच क्रमांक ओएनएलएस 2330 तथा अधिकतम खुदरा मूल्य 201.50 रुपये प्रति शीशी अंकित था। 12 शीशियों की कुल कीमत पुलिस ने 2,418 रुपये बताई है।

बोलेरो भी पुलिस ने की जब्त

पुलिस ने कफ सिरप को विधिवत जब्त कर सीलबंद किया और परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो वाहन को भी जब्त कर लिया। कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराई गई। पुलिस के अनुसार आरोपी को रात करीब 10.10 बजे गिरफ्तार किया गया। इसके बाद जिला अस्पताल सीधी में उसका स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 8, 21, 22 तथा औषधि नियंत्रण अधिनियम की धारा 5/13 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की है। आरोपी को नियमानुसार न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की गई।

इनकी रही प्रमुख भूमिका

कार्रवाई में जमोड़ी थाना प्रभारी केदार परीहा, सहायक उप निरीक्षक रामदास साकेत, प्रधान आरक्षक रामखेलावन पनिका, आरक्षक जगमोहन, आरक्षक मानेन्द्र शुक्ला और आरक्षक अंकित सिंह सहित पुलिस बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Ravi Shukla रवि शुक्ला एक अनुभवी ग्राउंड रिपोर्टर हैं, दैनिक अखबारों और डिजिटल न्यूज़ मीडिया में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव है.रवि शुक्ला की मुख्य विशेषज्ञता हाइपर लोकल क्राइम, क्षेत्रीय राजनीति, प्रशासनिक,शिक्षा, फैसलों और ग्रामीण विषयों (खेती-किसानी) की ग्राउंड जीरो से तथ्यपरक रिपोर्टिंग करने में अच्छा अनुभव है।