MP News: मां शारदा की नगरी में SP ने सुरीली आवाज में गाया मां शारदा का भजन, भावुक अंदाज ने जीता श्रद्धालुओं का दिल,VIDEO वायरल

Maihar News: SP अवधेश प्रताप सिंह ने शक्तिपर्व कार्यक्रम में ‘अंगना पधारो महारानी, मोरी शारदा भवानी’ भजन गाकर श्रद्धालुओं का दिल जीत लिया। सुनिये पूरी viral वीडियो

Oct 19, 2026 - 10:11
Oct 19, 2026 - 10:11
 0  46

MP News: मां शारदा की नगरी में SP ने सुरीली आवाज में गाया मां शारदा का भजन, भावुक अंदाज ने जीता श्रद्धालुओं का दिल,VIDEO वायरल 

मैहर। मां शारदा की पावन नगरी मैहर में शारदीय नवरात्रि के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘शक्तिपर्व’ में उस समय भक्तिमय माहौल बन गया, जब जिले के पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह ने मंच से मां भगवती का भजन प्रस्तुत किया। अपनी सख्त प्रशासनिक छवि के लिए पहचाने जाने वाले एसपी का भक्ति से सराबोर अंदाज देखकर कार्यक्रम में मौजूद श्रद्धालु और दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए।

मां शारदा देवी मंदिर परिसर में बुधवार शाम आयोजित इस सांस्कृतिक संध्या में एसपी अवधेश प्रताप सिंह ने पारंपरिक देवी भजन ‘अंगना पधारो महारानी, मोरी शारदा भवानी’ की प्रस्तुति दी। उनकी सुरीली आवाज और भावपूर्ण गायकी ने पूरे परिसर को भक्तिमय कर दिया। भजन की धुन पर दर्शक तालियां बजाते नजर आए और कार्यक्रम स्थल पर मां शारदा के जयकारों के बीच उत्साह का माहौल बन गया।

खाकी की सख्त छवि से इतर दिखा भक्ति का भावुक अंदाज

आमतौर पर कानून-व्यवस्था और सुरक्षा की जिम्मेदारियों में व्यस्त रहने वाले पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह का यह अलग अंदाज कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा। मंच पर माइक संभालकर उन्होंने जिस भाव के साथ मां शारदा की स्तुति की, उसने उपस्थित लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। एसपी की इस प्रस्तुति ने यह भी दिखाया कि प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ-साथ सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजनों से जुड़ाव का अपना अलग महत्व है। उनकी गायकी पर दर्शकों ने तालियों के साथ उत्साह जताया।

 विधायक और कलेक्टर ने दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ

मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग की ओर से आयोजित ‘शक्तिपर्व’ कार्यक्रम का शुभारंभ मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी और कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने मां शारदा के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में देवी भक्ति, लोक संगीत और मां आदिशक्ति की महिमा पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का संगम देखने को मिला। देर रात तक चले इस आयोजन में बड़ी संख्या में दर्शक और श्रद्धालु शामिल हुए।

रीवा से आईं गायिका रीता तिवारी और उनकी टीम ने पारंपरिक देवी गीतों की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम की शुरुआत की। उनकी प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया।

 मुंबई के कलाकारों ने नृत्य-नाटिका से बांधा समां

कार्यक्रम में मुंबई से आए अरविंद कुमार पटेल और उनके साथी कलाकारों ने मां आदिशक्ति के विभिन्न स्वरूपों पर आधारित नृत्य-नाटिका का मंचन किया। कलाकारों की भावपूर्ण प्रस्तुति ने दर्शकों को आकर्षित किया। वहीं, सुप्रसिद्ध गायक रवि त्रिपाठी और उनके दल ने देवी भजनों की प्रस्तुतियों से माहौल को और भी भक्तिमय बना दिया। विशेष रूप से ‘जब जिद पर आ गई पार्वती’ गीत की प्रस्तुति के दौरान दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। गीत की धुन पर कई लोग अपनी जगह से खड़े होकर झूमने लगे।

 शक्तिपर्व में भक्ति और संस्कृति का दिखा अनूठा संगम

मैहर में आयोजित ‘शक्तिपर्व’ सांस्कृतिक संध्या में स्थानीय धार्मिक आस्था और भारतीय लोक संस्कृति की झलक देखने को मिली। एक ओर नामचीन कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया, वहीं पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह की भजन प्रस्तुति कार्यक्रम की यादगार झलकियों में शामिल रही। मां शारदा की नगरी में आयोजित इस कार्यक्रम ने नवरात्रि के भक्तिमय वातावरण को और खास बना दिया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow