MBA छात्र निकला टायर चोर, 10 थाना क्षेत्रों में 11 वारदातों को दिया अंजाम,आरोपी गिरफ्तार
पंचर की दुकान से 200-300 रुपये सिक्योरिटी देकर किराए पर लेता था पाना, फिर गाड़ियों की स्टेपनी और पहिए खोलकर हो जाता था फरार; पुलिस ने 15 पहिए किए बरामद
MBA छात्र निकला टायर चोर, 10 थाना क्षेत्रों में 11 वारदातों को दिया अंजाम,आरोपी गिरफ्तार
हैदराबाद। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में वाहन चोरी का एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां खड़ी गाड़ियों से स्टेपनी और पहिए चोरी करने के आरोप में पुलिस ने 23 वर्षीय एमबीए छात्र को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सोबन अली खान के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के कुल 15 पहिए बरामद किए हैं, जिनमें 12 महिंद्रा थार, दो फोर्ड एंडेवर और एक फोर्ड इकोस्पोर्ट के पहिए शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, मामले का खुलासा 20 अक्टूबर को हुआ, जब रेतीबाउली स्थित गैलेक्सी एन्क्लेव अपार्टमेंट के बाहर खड़ी एक महिंद्रा थार की स्टेपनी चोरी होने की शिकायत मिली। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक युवक स्कूटर पर बैठकर मोबाइल चलाता दिखाई दिया। कुछ देर बाद वह थार के पीछे लगी स्टेपनी खोलने का प्रयास करता नजर आया। इस दौरान किसी के आने पर वह वापस स्कूटर के पास चला जाता था। इसके बाद मौका देखकर उसने कुछ ही सेकंड में स्टेपनी खोल ली और स्कूटर पर रखकर फरार हो गया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर शनिवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में चोरी का एक ऐसा तरीका सामने आया, जिसने पुलिस को भी हैरान कर दिया।
पंचर की दुकान से किराए पर लेता था औजार
जांच में पता चला कि आरोपी टायर खोलने के लिए पंचर बनाने वाली दुकानों को निशाना बनाता था। वह दुकान पर जाकर अपनी गाड़ी पंचर होने का बहाना बनाता और 200 से 300 रुपये सिक्योरिटी जमा कर पहिया खोलने वाला पाना किराए पर ले लेता था। इसके बाद वह आसपास खड़ी गाड़ियों से स्टेपनी या पहिए खोलकर चोरी कर लेता और औजार वापस दुकान पर जमा कर अपनी सिक्योरिटी राशि भी वापस ले लेता था। बताया गया है कि आरोपी के पिता व्हील-अलाइनमेंट की दुकान पर काम करते हैं। इसी वजह से उसे गाड़ियों के पहिए खोलने और लगाने की अच्छी जानकारी थी, जिसका इस्तेमाल वह चोरी की वारदातों में करता था।
10 थाना क्षेत्रों में 11 चोरी की वारदातें कबूलीं
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने 10 अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरी की 11 वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की है। इनमें अट्टापुर में दो घटनाओं के अलावा फिल्म नगर, लंगर हाउस, गुडीमलकापुर, सैफाबाद, चंद्रायनगुट्टा, चादरघाट, छत्रीनाका, मीरपेट और नारायणगुड़ा थाना क्षेत्र शामिल हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी ने चोरी की वारदातें कब से शुरू की थीं और चोरी किए गए पहियों को किन कबाड़ियों या खरीदारों के हाथों बेचा जाता था। पुलिस को इस मामले में और भी खुलासे होने की उम्मीद है।
Source: FB dainik jagran
What's Your Reaction?