पूर्व IAS दिव्या मित्तल राजनीति में एंट्री को तैयार, ऑन कैमरा बता दी सच्चाई

Sep 30, 2026 - 11:19
Sep 30, 2026 - 11:23
 0  41

पूर्व IAS दिव्या मित्तल राजनीति में एंट्री को तैयार, ऑन कैमरा बता दी सच्चाई

मिर्जापुर में अपने कार्यकाल के दौरान जनता के बीच खास पहचान बनाने वाली पूर्व IAS अधिकारी दिव्या मित्तल ने 14 साल की सरकारी सेवा के बाद इस्तीफा देकर सबको चौंका दिया था। अब उन्होंने अपने अगले कदम को लेकर बड़ा खुलासा किया है। एक करीब 9 मिनट के वीडियो में दिव्या मित्तल ने साफ कहा है कि उन्होंने अब राजनीति में उतरने का फैसला किया है। उनका कहना है कि वह जनता की आवाज बनकर काम करना चाहती हैं और देश में जनता को मिले अधिकारों और वादों का हिसाब मांगना चाहती हैं।

राजनीतिक सफर की शुरुआत करेंगी दिव्या मित्तल

दिव्या मित्तल ने वीडियो में बताया कि उत्तर प्रदेश उनकी कर्मभूमि रहा है। यहां के लोगों ने उन्हें अफसर से “अपनी बेटी” की तरह अपनाया और जीवन की दिशा दी। इसी वजह से वह अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत भी उत्तर प्रदेश से ही करेंगी।

उन्होंने देवरिया में हुए “ऑपरेशन कब्जा मुक्ति” का उदाहरण देते हुए कहा कि जब जनता जागती है तो बड़ा बदलाव संभव है। दिव्या ने यह भी कहा कि जनता पिछले कई वर्षों से एक ऐसे नेतृत्व का इंतजार कर रही है जो उनके मुद्दों को मजबूती से उठाए। हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि वह किस जिले या क्षेत्र से चुनावी राजनीति की शुरुआत करेंगी।

 बयान से मचा सियासी हलचल

अपने वीडियो में दिव्या मित्तल ने किसी राजनीतिक दल का नाम लिए बिना कहा कि उनके इस्तीफे के बाद कुछ लोगों द्वारा उनके खिलाफ अफवाहें और फेक नैरेटिव फैलाने की कोशिश की गई। उनका कहना है कि यह सब उन्हें डराने की कोशिश है, लेकिन वह पीछे हटने वालों में से नहीं हैं।उन्होंने यह भी कहा कि उनकी किसी राजनीतिक नेता से मुलाकात को लेकर जो बातें फैलाई जा रही हैं, वे पूरी तरह गलत हैं।

सोशल मीडिया पर मिला समर्थन

दिव्या मित्तल के राजनीति में आने के ऐलान के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें समर्थन भी मिल रहा है। कई यूजर्स ने लिखा कि देश को ऐसे ईमानदार और जमीनी सोच वाले लोगों की जरूरत है। कुछ लोगों ने उनके फैसले को साहसिक और प्रेरणादायक बताया है। कुल मिलाकर, दिव्या मित्तल के इस फैसले ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है और अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि वह औपचारिक रूप से अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत कहां से करती हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow