Noida Ghee-Oil Video: मॉल से घी-तेल चोरी कर फरार हो रही थी महिला, सिक्योरिटी गार्ड ने पकड़ा,VIDEO वायरल
Noida DLF Mall Video: सेक्टर-18 के DLF Mall में महिला पर घी और तेल बिना बिल लिए जाने का आरोप लगा। CCTV में मामला सामने आया, बाद में सामान का भुगतान कर दिया गया।
Noida Ghee-Oil Video: मॉल से घी-तेल चोरी कर फरार हो रही थी महिला, सिक्योरिटी गार्ड ने पकड़ा,VIDEO वायरल
नोएडा। सेक्टर-18 स्थित DLF Mall of India में एक महिला पर किराना स्टोर से घी और तेल बिना भुगतान किए ले जाने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। वीडियो में सिक्योरिटी स्टाफ महिला को रोककर वापस स्टोर के अंदर ले जाता दिखाई दे रहा है। इस दौरान महिला मोबाइल फोन से अपना चेहरा ढकती नजर आती है।
घटना 4 अक्टूबर की शाम करीब 7:30 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक महिला अपने पति के साथ मॉल में खरीदारी करने पहुंची थी। आरोप है कि उसने स्टोर से करीब एक किलो घी और एक किलो तेल अपने बैग में रख लिया और बिना बिल कराए बाहर निकलने लगी।
बैग चेक कराने से किया इनकार:
बताया गया कि महिला के स्टोर से बाहर निकलते ही सिक्योरिटी गार्ड ने उसे रोककर बैग चेक कराने को कहा। महिला ने बैग दिखाने से इनकार कर दिया, जिसके बाद उसकी सिक्योरिटी स्टाफ से बहस होने लगी। मामला बढ़ने पर अन्य सुरक्षाकर्मी और स्टोर कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए।
इसके बाद स्टोर के CCTV फुटेज की जांच की गई। फुटेज में महिला के कथित तौर पर घी का डिब्बा और तेल की बोतल बैग में रखते हुए दिखाई देने की बात सामने आई। CCTV देखने के बाद महिला को सिक्योरिटी स्टाफ के साथ वापस स्टोर के अंदर ले जाया गया। स्टाफ ने बैग की जांच की तो उसमें घी और तेल मिलने की बात कही गई।
पति अंदर करा रहा था बिलिंग
घटना के दौरान महिला का पति भी मॉल में मौजूद था। बताया गया कि जब महिला अकेले स्टोर से बाहर निकली, उस समय उसका पति अंदर खरीदारी का बिल करा रहा था। बाद में स्टोर कर्मचारियों ने उसके पति को भी अंदर बुलाया।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में स्टोर कर्मचारी दोनों से सामान को लेकर सवाल-जवाब करते नजर आते हैं। वीडियो में महिला मोबाइल फोन से अपना चेहरा ढकती हुई भी दिखाई देती है।
कर्मचारी ने पहले की घटनाओं का भी किया दावा
वीडियो में मौजूद एक व्यक्ति जब स्टोर कर्मचारी से पूछता है कि क्या दोनों पहले भी चोरी कर चुके हैं, तो कर्मचारी कथित तौर पर करीब 4 हजार रुपये के घी और अन्य सामान के पहले चोरी होने की बात कहता है। कर्मचारी ने इसे चोरी की चौथी घटना बताया।
कर्मचारी का दावा है कि महिला और उसके साथ मौजूद व्यक्ति को पिछले कुछ समय में स्टोर पर कई बार देखा गया था और ऐसी घटनाएं 15 अगस्त के आसपास से सामने आ रही थीं। हालांकि, पुराने मामलों से जुड़े इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। इसलिए इन्हें केवल स्टोर कर्मचारी का दावा माना जा रहा है।
वायरल वीडियो में क्या दिखा?
वायरल वीडियो में महिला को स्टोर के अंदर ले जाते हुए देखा जा सकता है। वह मोबाइल फोन की मदद से अपना चेहरा ढकती नजर आती है। वीडियो बनाने वाला व्यक्ति स्टोर कर्मचारियों से घटना को लेकर सवाल करता दिखाई देता है। इस दौरान एक कर्मचारी के हाथ में घी का डिब्बा और तेल की बोतल भी नजर आती है।
पुलिस के मुताबिक नहीं हुई शिकायत
पुलिस के मुताबिक, बिना भुगतान सामान ले जाने को लेकर महिला और सिक्योरिटी स्टाफ के बीच विवाद हुआ था। बाद में महिला ने सामान का भुगतान कर दिया। पेमेंट के बाद दोनों पक्षों में सहमति बन गई और मामला शांत हो गया।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। इसलिए फिलहाल कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।हालांकि, सिक्योरिटी स्टाफ ने महिला को मॉल से बाहर निकलने से पहले रोक लिया और CCTV फुटेज की जांच के बाद मामला स्पष्ट हुआ। फिलहाल भुगतान किए जाने और दोनों पक्षों के बीच सहमति बनने के बाद मामला शांत हो गया है।