चीनी महंगी होने पर सोशल मीडिया में पोस्ट करना पड़ा भारी: लेखपाल निलंबित
चीनी महंगी होने पर सोशल मीडिया में पोस्ट करना पड़ा भारी: लेखपाल निलंबित
जौनपुर। जिले के शाहगंज तहसील में तैनात एक लेखपाल को चीनी की बढ़ती कीमतों पर सोशल मीडिया पोस्ट करना महंगा पड़ गया। लेखपाल अशोक कुमार यादव ने अपने फेसबुक अकाउंट पर लिखा— “चाय खतरे में है मित्तर, चीनी पहुंच गई सत्तर”। यह पोस्ट देखते ही देखते वायरल हो गई, पूरे प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया, जिसके बाद प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई कर दी।
मीडिया रिपोर्ट की माने तो रविवार को किए गए इस पोस्ट ने तहसील से लेकर जिला स्तर तक हलचल मचा दी। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी सेवा में रहते हुए इस तरह की सार्वजनिक टिप्पणी आचरण नियमों का उल्लंघन है। इससे विभाग की छवि पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है और अनावश्यक विवाद की स्थिति बन सकती है।
पोस्ट वायरल होने के बाद मामला उच्च अधिकारियों तक पहुंचा। तहसील प्रशासन ने जांच कर रिपोर्ट तैयार की और संबंधित अधिकारियों को भेजी। रिपोर्ट के आधार पर लेखपाल अशोक कुमार यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
इस कार्रवाई के बाद शाहगंज तहसील में कर्मचारियों के बीच चर्चा तेज हो गई है। वहीं, आम लोगों के बीच भी यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है, खासकर ऐसे समय में जब चीनी और गुड़ की बढ़ती कीमतों से मध्यम वर्ग पहले ही परेशान है।
What's Your Reaction?