बच्चों के लिए सख्त हुआ सोशल मीडिया: Facebook-Instagram पर 2 घंटे की लिमिट, रात में ऐप रहेगा बंद
Meta ने बच्चों की सुरक्षा के लिए Facebook और Instagram पर 2 घंटे की लिमिट, नाइट ब्लॉक और नोटिफिकेशन म्यूट जैसे नए नियम लागू करने का फैसला लिया।
बच्चों के लिए सख्त हुआ सोशल मीडिया: Facebook-Instagram पर 2 घंटे की लिमिट, रात में ऐप रहेगा बंद
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बच्चों की सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला सामने आया है। Meta Platforms ने अमेरिका में दर्ज मुकदमों के निपटारे के तहत करीब 16.68 अरब डॉलर (लगभग 1.3 लाख करोड़ रुपये) के समझौते पर सहमति जताई है। इस समझौते के बाद कंपनी को 18 साल से कम उम्र के यूजर्स के लिए कई सख्त सेफ्टी फीचर्स लागू करने होंगे.
दरअसल, अमेरिका के 29 राज्यों ने मेटा पर आरोप लगाया था कि कंपनी ने अपने प्लेटफॉर्म को इस तरह डिजाइन किया है जिससे बच्चों में सोशल मीडिया की लत बढ़ती है. साथ ही नाबालिगों के डेटा सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठाए गए थे. हालांकि, कंपनी ने इन आरोपों से इनकार करते हुए किसी भी तरह की गलती स्वीकार नहीं की है.
2 घंटे की होगी रोजाना लिमिट
नए नियमों के तहत अब 18 साल से कम उम्र के यूजर्स फेसबुक और इंस्टाग्राम का इस्तेमाल रोजाना अधिकतम 2 घंटे ही कर सकेंगे. खास बात यह है कि दोनों प्लेटफॉर्म का समय जोड़कर यह लिमिट तय होगी.यानी फेसबुक और इंस्टाग्राम अलग-अलग नहीं, बल्कि कुल मिलाकर 2 घंटे ही चलाए जा सकेंगे. इस लिमिट को बदलने के लिए माता-पिता की अनुमति जरूरी होगी.
रात 12 बजे से सुबह 6 बजे तक ऐप बंद
किशोरों के लिए देर रात सोशल मीडिया के उपयोग को रोकने के लिए नाइट मोड लागू किया जाएगा। रात 12 बजे से सुबह 6 बजे तक यूजर्स न तो कंटेंट देख पाएंगे और न ही पोस्ट कर सकेंगे.
स्कूल टाइम में नोटिफिकेशन म्यूट
सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक स्कूल समय में नोटिफिकेशन अपने आप म्यूट रहेंगे, ताकि बच्चों का ध्यान पढ़ाई पर बना रहे. हालांकि जरूरी मैसेज और सुरक्षा से जुड़े अलर्ट मिलते रहेंगे.
हर 15 मिनट पर मिलेगा ब्रेक रिमाइंडर
लगातार सोशल मीडिया इस्तेमाल करने पर हर 15 मिनट में ब्रेक लेने का रिमाइंडर दिया जाएगा.इसके अलावा 60 और 90 मिनट के उपयोग के बाद भी यूजर्स को अलर्ट मिलेगा.इस फैसले को बच्चों में बढ़ती सोशल मीडिया की लत को कम करने और उनकी मानसिक सेहत की सुरक्षा की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
What's Your Reaction?