MP: कौन हैं अजयपार बाबा: जो सरकारी जमीन कब्जाने की कर रहा बात,कैंसर और लकवा ठीक करने का कर रहा दावा

Oct 2, 2026 - 08:08
Oct 2, 2026 - 08:12
 0  38

MP: कौन हैं अजयपार बाबा: जो सरकारी जमीन कब्जाने की कर रहा बात,कैंसर और लकवा ठीक करने का कर रहा दावा

छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में इन दिनों अजयपार सरकार के नाम से चर्चित बाबा का दरबार सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। दावा किया जाता है कि उनके दरबार में बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचते हैं। इसी बीच मीडिया रिपोर्ट्स में सामने आए एक कथित स्टिंग ऑपरेशन के बाद अजयपार सरकार के दावों और उनके दरबार को लेकर कई सवाल उठने लगे हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक,कथित तौर पर अंडरकवर तरीके से अजयपार सरकार से मुलाकात की और निवेश के बहाने बातचीत की। इस दौरान सरकारी जमीन से संबंधित कथित बातचीत सामने आने का दावा किया गया है। रिपोर्ट में दावा है कि हाईवे के पास करीब 22 एकड़ सरकारी जमीन पर कब्जे और वहां गोशाला बनाने की बात कही गई। 

मंत्र के सवाल पर बोले- अभी नहीं पढ़ा

मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि बातचीत के दौरान जब अजयपार सरकार से मंत्र के बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने कथित तौर पर कहा कि उन्होंने अभी मंत्र नहीं पढ़ा है। वहीं, राम स्तुति के बारे में पूछे जाने पर भी कथित रूप से उन्होंने कहा कि उन्हें इसके बारे में जानकारी नहीं है।

रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि उन्होंने नया मंत्र खुद बनाने की बात कही। इन कथित बयानों के बाद सोशल मीडिया पर उनके आध्यात्मिक दावों को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

कौन हैं अजयपार सरकार?

अजयपार सरकार के नाम से प्रसिद्ध बाबा का असली नाम करण कुशवाहा छतरपुर जिले के केड़ी गांव के रहने वाले बताए जाते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह पहले इसी क्षेत्र में नारियल बेचने का काम करते थे और कुछ समय ई-रिक्शा भी चलाते थे।

मीडिया रिपोर्ट की माने तो अजयपार बाबा उर्फ करण कुशवाहा के अनुसार, एक सपने में उन्हें 'बब्बा' के दर्शन हुए, जिसके बाद उन्होंने दरबार लगाना शुरू किया। उन्होंने यह भी बताया है कि उन्होंने कुछ समय तक तपस्या की थी। उन्होंने कक्षा 9 तक पढ़ाई की है और आगे पढ़ने की इच्छा भी जताई है, लेकिन फिलहाल दरबार लगाने की बात कही है।

कैंसर और लकवा ठीक करने का दावा

अजयपार सरकार के सोशल मीडिया वीडियो में गंभीर बीमारियों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के दावे भी किए जाते हैं। इनमें कैंसर और लकवा जैसी बीमारियां शामिल हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, करण कुशवाहा का दावा है कि कुछ मरीजों को उनके दरबार में आने के बाद फायदा हुआ।

सोशल मीडिया से बढ़ी लोकप्रियता

केड़ी गांव में स्थित अजयपार बाबा के दरबार की सोशल मीडिया पर प्रचार-प्रसार के बाद भीड़ बढ़ने की बात सामने आई है। यह स्थान पहले से ही स्थानीय आस्था का केंद्र बताया जाता है। अब बड़ी संख्या में लोग सोशल मीडिया पर वीडियो देखने के बाद यहां पहुंच रहे हैं।

भीड़ बढ़ने के कारण व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक दिन दरबार बंद करना पड़ा। इसके बाद अजयपार सरकार ने छतरपुर पहुंचकर पुलिस अधीक्षक से सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की। उन्होंने धमकी मिलने की बात भी कही है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow