Sidhi News: अतिवृष्टि प्रभावित गांवों में पहुंचे कलेक्टर विकास मिश्रा, नुकसान का लिया जायजा, राहत के दिए निर्देश
Sidhi News: अतिवृष्टि प्रभावित गांवों में पहुंचे कलेक्टर विकास मिश्रा, नुकसान का लिया जायजा, राहत के दिए निर्देश
सीधी। जिले में अतिवृष्टि के कारण प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों की स्थिति तथा वर्षा से हुए नुकसान का जायजा लेने कलेक्टर श्री विकास मिश्रा ने विभिन्न ग्रामों का भ्रमण कर मौके पर स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर ग्रामीणों से चर्चा की तथा नुकसान की जानकारी ली। कलेक्टर ने उपखंड गोपद बनास के ग्राम बिसुनी टोला तथा उपखंड चुरहट के ग्राम पड़खुरी-586, डढ़िया एवं टकटैया का भ्रमण किया। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में वर्षा से हुई क्षति का मौके पर जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षति का नियमानुसार आकलन कर राहत प्रकरण तैयार किए जाएं तथा पात्र प्रभावितों को शासन के प्रावधानों के अनुसार राहत उपलब्ध कराई जाए।कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अतिवृष्टि से प्रभावित परिवारों की समस्याओं को प्राथमिकता से सुना जाए और आवश्यकता के अनुसार तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि नुकसान के सर्वेक्षण में पूरी गंभीरता एवं संवेदनशीलता बरती जाए तथा पात्र हितग्राहियों के प्रकरण तैयार करने में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। उन्होंने स्थानीय स्तर पर आवश्यक समन्वय बनाए रखते हुए राहत एवं सहायता संबंधी कार्यों को तत्परता से पूरा करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर के भ्रमण के दौरान संबंधित उपखंड एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे और प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति से अवगत कराया।
इसी क्रम में अपर कलेक्टर श्री बी.पी. पाण्डेय ने भी कुसमी एवं मझौली क्षेत्र के अतिवृष्टि प्रभावित ग्रामों का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से वर्षा से हुए नुकसान, राहत एवं बचाव कार्यों तथा प्रभावित परिवारों को उपलब्ध कराई जा रही सहायता की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जिले के सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अतिवृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों में निरंतर निगरानी रखते हुए क्षति का त्वरित एवं नियमानुसार आकलन किया जाए। जहां भी जनहानि, पशुहानि, मकान, फसल अथवा अन्य प्रकार की क्षति हुई है, वहां संबंधित विभाग तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए नियमानुसार राहत प्रकरण तैयार करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित लोगों को राहत उपलब्ध कराने के कार्य में संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्य किया जाए।
What's Your Reaction?