Rain Alert: मौसम का बदलेगा मिजाज, 6 से 10 अक्टूबर तक कई राज्यों में बारिश के आसार

Rain Alert: IMD ने 6 से 10 अक्टूबर तक हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, मध्य प्रदेश, यूपी, बिहार समेत कई राज्यों में बारिश का अनुमान जताया है। दक्षिण भारत में भारी बारिश की संभावना है।

Oct 4, 2026 - 11:20
Oct 4, 2026 - 11:20
 0  56
Rain Alert: मौसम का बदलेगा मिजाज, 6 से 10 अक्टूबर तक कई राज्यों में बारिश के आसार

Rain Alert: मौसम का बदलेगा मिजाज, 6 से 10 अक्टूबर तक कई राज्यों में बारिश के आसार

नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक 6 से 10 अक्टूबर के बीच उत्तर भारत, मध्य भारत और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। वहीं दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

हरियाणा-दिल्ली-पंजाब में 6 अक्टूबर से बारिश

IMD के अनुसार हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में 6 से 10 अक्टूबर के बीच कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। इससे पहले 4 और 5 अक्टूबर को इन क्षेत्रों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है। इस दौरान इन राज्यों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.1 से 5 डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया गया है। हालांकि, हरियाणा और पंजाब में इस अवधि के दौरान भारी बारिश की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

हिमाचल और उत्तराखंड में गरज-चमक के साथ बारिश

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 5 से 10 अक्टूबर के बीच कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। हिमाचल में 6 से 8 अक्टूबर तथा उत्तराखंड में 5 से 7 अक्टूबर के दौरान गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना है। हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर यह 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 6 से 8 अक्टूबर तक बारिश की संभावना है। इसके बाद 9 और 10 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर अधिक बारिश हो सकती है।

मध्य प्रदेश में भी बदलेगा मौसम

मध्य भारत में भी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। IMD के पूर्वानुमान के अनुसार पश्चिमी मध्य प्रदेश में 6 से 10 अक्टूबर तथा पूर्वी मध्य प्रदेश में 7 से 10 अक्टूबर के बीच कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। वहीं छत्तीसगढ़ में 5 से 10 अक्टूबर तक बारिश हो सकती है। 6 और 7 अक्टूबर को कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में भी बारिश के आसार

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 6 और 7 अक्टूबर तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश में 5 से 8 अक्टूबर के दौरान कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। बिहार में 6 से 10 अक्टूबर और झारखंड में 5 से 10 अक्टूबर तक बारिश का अनुमान है। वहीं गंगीय पश्चिम बंगाल, ओडिशा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 4 से 10 अक्टूबर के बीच कहीं-कहीं बारिश हो सकती है।

दक्षिण भारत में भारी बारिश की संभावना

दक्षिण भारत के कई राज्यों में मौसम ज्यादा सक्रिय रहने का अनुमान है। केरल और माहे में 4 से 6 अक्टूबर तथा 9 और 10 अक्टूबर को भारी बारिश हो सकती है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 4 से 10 अक्टूबर तक बारिश की संभावना है। इस दौरान कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं। तटीय कर्नाटक में 4 अक्टूबर को बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में 5 और 6 अक्टूबर को भारी बारिश हो सकती है। तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा और तेलंगाना में भी 4 से 7 अक्टूबर के बीच बारिश के आसार हैं।

पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश का दौर

अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 4 से 10 अक्टूबर के दौरान कई स्थानों पर बारिश हो सकती है। कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक और बिजली गिरने की भी संभावना है।

मानसून की वापसी भी जारी

IMD के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी लगातार जारी है। अगले दो से तीन दिनों में मराठवाड़ा, विदर्भ, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों के साथ तेलंगाना और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनने की संभावना है। फिलहाल देश के कई हिस्सों में मौसम शुष्क है, लेकिन आने वाले दिनों में पश्चिमी, मध्य, पूर्वी और दक्षिणी भारत के कई राज्यों में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow