युवक के पीछे पड़ गया सांप, महीने में 5 बार काटा,मौसी के घर भागा तो वहां भी डसा

Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

युवक के पीछे पड़ गया सांप, महीने में 5 बार काटा,मौसी के घर भागा तो वहां भी डसा



युवक के पीछे पड़ गया सांप, महीने में 5 बार काटा,मौसी के घर भागा तो वहां भी डसा





सांप दुनिया में सबसे खतरनाक जानवरों में से एक है। कई प्रजातियां ऐसी होती हैं अगर वो इंसान को काट ले तो पलभर में मौत हो जाती है। लेकिन यूपी से जो मामला समाने आया है वह बड़ा ही अजीबोगरीब है, जहां एक शख्स को सांप ने एक बार नहीं बल्कि पांच बार काटा।


लेकिन इलाज करने वाले डॉक्टर भी हैरान रह गए कि कैसे सांप के पांच बार काटे जाने के बाद वो बार-बार ठीक हो गया। इस शख्स को सांप ने एक महीने में पांच बार काटा। यह मामला फतेहपुर जिले के मलवा थाना क्षेत्र के सौरा गांव का है। यहां रहने वाले विकास दुबे को एक से डेढ़ महीने के अंदर सांप ने पांच बार काटा, लेकिन हर बार इलाज के बाद वह ठीक हो गया।

युवक सांप के काटे जाने के डर से अपनी मौसी के घर रहने लगा तो वहां भी सांप ने उसे डस लिया। पिछले 30 दिन में उसे पांचवीं बार सांप ने काटा। 

मलवा थाने के सौरा निवासी 24 वर्षीय विकास दुबे बताते हैं कि पहली बार दो जून की रात करीब नौ बजे बिस्तर से उतरते हुए पहली बार सांप ने काटा। परिजन शहर के एक प्राइवेट नर्सिंग होम में इलाज के लिए ले गए। वहां दो दिन भर्ती रहा। इलाज के बाद ठीक हो घर आ गया। परिजनों को लगा सामान्य घटना है। इसके बाद फिर 10 जून की रात नौ बजे के करीब ही विकास को फिर से सांप ने काटा। परिजन उसी निजी अस्पताल ले गए। इलाज हुआ और वह ठीक होकर घर चला आया। मन में सांप का डर बैठ गया और वह अतिरिक्त सावधानी बरतने लगा। लेकिन सात दिन बाद 17 जून को भी यही हुआ। घर के अंदर ही सांप ने उसे काट लिया। वह अचेत होने लगा और परिजन दहशत में आ गए, लेकिन फिर उसी अस्पताल में इलाज हुआ और वह ठीक हो गया। 

चौथी बार सांप ने सात दिन भी नहीं बीतने दिए। चार दिन बाद ही फिर से सांप ने डस लिया। परिजन इलाज के लिए जब अस्पताल लेकर पहुंचे तो डॉक्टर भी हैरान थे। इस बार भी वह इलाज के बाद बच गया। नाते-रिश्तेदारों और डाक्टर ने भी सलाह दी कि कुछ दिनों के लिए तुम अपने घर से दूर रहो। युवक अपनी मौसी के घर शहर के राधानगर में रहने के लिए चला आया। बीते शुक्रवार देर रात करीब सवा 12 बजे उसे घर में ही सांप ने फिर डस लिया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवक का हर बार इलाज करने वाले शहर के डॉ. जवाहरलाल ने कहा- यह हैरान करने वाला संयोग है। हर बार उसे एंटी स्नेक वेनम इंजेक्शन और इमरजेंसी दवाएं देकर इलाज करते हैं। वह ठीक होकर घर चला जाता है। हर बार उसके शरीर पर क्लियर स्नेक बाइट के निशान मिलते हैं।

विकास दुबे का कहना है कि वह परेशान हो गया है। हर पल दहशत बनी रहती है, हर बार सांप काटने से पहले उसको आभास होने लगता है कि उसको सांप काटने वाला है। हर बार इलाज में रुपये भी लग रहे हैं। वहीं विकास के मामा कामतानाथ ने बताया कि हम सभी परेशान हैं कि ऐसा कैसे हो रहा है। जब विकास को तीसरी बार सांप ने काटा था तो घर के कई लोग सामने मौजूद थे। सांप काट कर निकल गया। काफी खोजा भी गया लेकिन सांप नहीं मिला।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ